कश्मीर में शिक्षिका रजनी की हत्या पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ आक्रोशित

देश

हत्यारों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की मांग, प्रदेशभर में मुख्यालय पर देंगे ज्ञापन

मथुरा। कश्मीर में शिक्षिका रजनी बाला के हत्यारों पर कठोरतम कार्रवाई करने तथा शिक्षकों व कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश द्वारा गृह मंत्री, भारत सरकार और उप राज्यपाल जम्मू एवं कश्मीर को ज्ञापन दिया गया है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उ०प्र० के प्रदेश महामंत्री डॉ० ऋषिदेव त्रिपाठी ने ज्ञापन में मांग करते हुए कहा है कि कश्मीर में अपने शिक्षकीय कर्तव्य पर जा रही शिक्षिका रजनी बाला की जिस निर्ममता और कायराना रूप से भारत विरोधी अलगाववादी तत्वों ने हत्या की है, उससे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश से जुड़े देश व प्रदेश के शिक्षक अत्यंत स्तब्ध और आक्रोशित हैं। इस संबंध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने पूर्व में भी पत्र लिखकर कश्मीर घाटी में दो शिक्षकों की बर्बरतापूर्ण हत्या पर अपना रोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों हेतु समुचित सुरक्षा की मांग की थी, किंतु विद्यालय में अपने कर्तव्य निभाने हेतु जाती शिक्षिका की फिर से हुई लक्षित हत्या ने देशभर के शिक्षक समुदाय के मनों को गहरे तक आंदोलित कर दिया है।
प्रदेश महामंत्री डॉ० ऋषिदेव त्रिपाठी ने कहा है कि शिक्षक अपने शिक्षकीय कर्तव्यों को बिना भय के समुचित रूप से निभा सके इसके लिए उन्हें एक सुरक्षित और निर्भय वातावरण देने की जिम्मेदारी शासन की बनती है। महासंघ पुरजोर मांग करता है कि कश्मीर घाटी में शिक्षकों को अपने कर्तव्य निर्वहन हेतु समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तथा दिवंगत शिक्षिका के हत्यारों और उनको प्रश्रय देने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए। संगठन ने मांग की है कि दिवंगत शिक्षिका के परिवार को समुचित सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए तथा उनके बच्चों के गुणवत्तापूर्ण उच्च अध्ययन तक की समुचित व्यवस्था निःशुल्क की जाए।
मुकेश शर्मा सदस्य राज्य मीडिया प्रकोष्ठ राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उ०प्र० ने बताया है कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के सभी संवर्गों के प्रदेश व जनपदीय पदाधिकारी अपने-अपने जनपद के जिला अधिकारियों के माध्यम से उपराज्यपाल जम्मू व कश्मीर तथा गृह मंत्री, भारत सरकार ज्ञापन देंगे।

Spread the love