मथुरा। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिलाधिकारी, पुलिस तथा खनन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए अवैध खनन (illegal Mining) पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा है कि अवैध खनन हुआ तो अफसरों की खैर नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन की शिकायत मिलने पर माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए तथा अवैध खनन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन की शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें, अवैध खनन को किसी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जहां से भी अवैध खनन की शिकायत आए, वहां संबंधित उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा खनन विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करेंगे। जिले में होने वाले अवैध खनन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
श्री चहल ने अवैध खनन में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस, परिवहन और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
बैठक की कार्यवाही अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केजीएस सहित सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा खनन विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।