लोगो से कहा बेवज़ह घरो से ना निकले: डिप्टी कलेक्टर
मथुरा (इक़रार अली) । आज डिप्टी कलेक्टर राजीव उपाध्याय ने धोली प्याऊ, होली गेट, चंदन वन, नवादा, टाउनशिप, औरंगाबाद बालाजीपुरम, नया व पुराना रोडवेज बस स्टैंड आदि इलाकों का कोविड-19 प्रोटोकॉल तथा लॉक डाउन नियमों का पालन कराने के लिए पैदल भ्रमण किया। होली गेट के जनरल गंज में अशोक जनरल स्टोर खुला हुआ मिला जिसके स्वामी अशोक कुमार को भविष्य में इसे न खोलने की चेतावनी देते हुए बंद करा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाक डाउन में दूध डेरी, फल, सब्जी, किराना स्टोर व मेडिकल स्टोर खोलने की ही अनुमति है, शेष दुकानें प्रतिबंधित की श्रेणी में है। किराना की दुकान प्रातः 7 बजे से पूर्वान्ह 11 बजे तक ही खुलेगी। दूध डेयरी प्रातः 7 से 11 के अतिरिक्त सायं 5 बजे से 7 बजे तक खुलेगी। धोली प्याऊ में खुले मिले खन्ना प्रोविजन स्टोर के स्वामी देवेंद्र खन्ना द्वारा चौकी इंचार्ज ,धोली प्याऊ से अनावश्यक वाद विवाद करने के कारण अभियोग पंजीकृत करा दिया गया। उसके द्वारा मौके पर कोल्ड ड्रिंक की बोतल बेची जा रही थी। चंदन वन इलाके में अधिकांश दुकानें खुली हुई मिली तथा दुकानदार धड़ाधड़ शटर डाल कर भागने लगे। ओम जनरल स्टोर, पवन जनरल स्टोर, राहुल प्रोविजन स्टोर, आर्य जनरल स्टोर, चंदन वन के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश प्रभारी निरीक्षक, हाईवे को दिए गए हैं तथा उनसे अपेक्षा की गई है कि भविष्य में उनके अधिकार क्षेत्र में प्रतिबंधित दुकाने लाक डाउन में न खुलें। यह प्रतिबंधित सभी दुकाने 11 बजे के बाद खुली हुई पाई गई। हाईवे स्थित टीवीएस सुजुकी का शोरूम खुला हुआ पाया गया, जिसको बंद करा कर भविष्य में न खोलने के निर्देश दिए गए। नवादा में अग्रवाल मिष्ठान भंडार खुला पाया गया, जिसे तत्काल बंद करा दिया गया। चंद्रावती मोबाइल शॉप टाउनशिप में खुली पाई गई, जिसे तुरंत बंद करा दिया गया। डिप्टी कलेक्टर उपाध्याय ने बिना मास्क पहने मिले 58 व्यक्तियों के चालान रुपए 1000 प्रति व्यक्ति कटवाए। अकारण बिना वैध कागजात व हेलमेट पहने सड़क पर फर्राटा भरते 214 वाहनों के चालान कराए। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की है कि वह कोरोना महामारी की विभीषिका को समझें तथा अत्यावश्यक होने की दशा में ही घरों के बाहर निकले। घर से बाहर निकलने की परिस्थिति में “2 गज दूरी- मास्क बहुत जरूरी” का अनिवार्य रूप से पालन करें ताकि कोरोना महामारी पर शीघ्र नियंत्रण स्थापित किया जा सके।