मतदाता पंजीकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बीएलओ के काम की रोजाना होगी समीक्षा: डीएम

ब्रेकिंग न्यूज़

News4live मथुरा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंगलवार को तहसील सदर के सभागार में क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मतदाता पंजीकरण कार्य में तेजी लाने और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें। बीएलओ अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी सक्रियता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी पात्र लोगों के फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे आवंटित मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें और पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें। सुपरवाइजर नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और प्रगति का सत्यापन करें।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही अथवा रुचि नहीं लेने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों के संबंध में तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय से काम करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। मतदाता सूची को अधिक समावेशी, शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

बैठक में उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार, तहसीलदार सदर अमित त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर सुशील कुमार सहित सदर क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Spread the love