भाजपा ने संविधान गौरव दिवस पर लिया संविधान की रक्षा का संकल्प

Uncategorized

विधायक पूरन प्रकाश ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को किया नमन, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक अभियान पहुंचाने का किया आह्वान

News4live मथुरा। भारतीय जनता पार्टी जिला मथुरा की ओर से गुरुवार को संविधान गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय और धौलीप्याऊ स्थित महाराणा प्रताप पार्क में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन हुआ।

मुख्य अतिथि विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने वंचितों और महिलाओं को अधिकार दिलाने के उद्देश्य से संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भाजपा सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ मंत्र का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा कि संविधान भारत की एकता, अखंडता, समानता और लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संविधान गौरव अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, आकाश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष जगमोहन पाठक, अनिल चौधरी और मनीषा पाराशर मौजूद रहे।

वहीं महाराणा प्रताप पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष सुल्तान सिंह तरकर, राजेश सिंह पिंटू, भोला चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

Spread the love