मथुरा। बुधवार देर शाम को हुई बारिश के बाद शहर की बिजली व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर तो हालत यह थी कि आठ से दस घंटे तक बिजली गायब रही। इससे लोग बारिश के बीच अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। वहीं विभाग के कर्मचारी जलभराव क्षेत्रों की जानकारी करते रहे।
बुधवार देर शाम को जब तेज बारिश होने लगी तो धीरे धीरे करके लगभग पूरे शहर की बिजली व्यवस्था पर विपरीत असर होना प्रारंभ हो गया। लेकिन इनमें से कुछ इलाकों की बिजली व्यवस्था तो बुरी तरह प्रभावित हुई। इनमें प्रकाश नगर, अग्रसेन नगर, पुष्प विहार, आनंदपुरी, ज्योतिनगर और सुखदेवनगर का आंशिक भाग आदि आधा दर्जन स्थानों की लाइट बुधवार शाम सात बजे से गुरुवार सुबह पांच बजे तक गायब रही। इसी तरह डैम्पियर नगर क्षेत्र में रात 8 बजे से सुबह 4 बजे तक गायब रही। तेज बरसात के चलते शहर के जयसिंहपुरा, बिरला मंदिर, विकास नगर, जगन्नाथपुरी, गुरूनानक नगर आदि फीड क्षेत्रों की बिजली काफी देर तक बंद रही। इन क्षेत्रों में बिजली उपकरणों के आस-पास पानी भरा हुआ था। इधर कैंट बिजलीघर के एक ट्रांसफार्मर में खराबी आने से सप्लाई प्रभावित चल रही है। इतने लंबे समय तक बिजली गायब रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई अन्य इलाकों में बिजली की दिक्कत रही। एसडीओ कैंट संदीप के अनुसार ट्रांसफार्मर को चेक करवाया जा रहा है। सुधार कार्य शुरू कर दिया है।