यमुना मिशन को मिलेगा भारत के पांच मूर्धन्य संतों का संरक्षकत्व

बृज दर्शन

ब्रज और यमुना के हित में कराए जा रहे कार्यों को सुझाव और मार्गदर्शन के रूप में आशीर्वाद प्रदान करेंगे

मथुरा। भारत के पांच मूर्धन्य संतों का अब यमुना मिशन को संरक्षकत्व मिलेगा। इन संतों के संरक्षक मंडल का आशीर्वाद यमुना मिशन के कार्यों को मार्गदर्शन के रूप में मिलेगा। सात सदस्ययीय संतों की “यमुना मिशन कार्यकारिणी समिति” भी संरक्षक मंडल के संरक्षकत्व में कार्य करेगी।
गुरुवार को वृंदावन के कृष्णकृपा धाम में आयोजित पत्रकार वार्ता में गीता मनीषी संत ज्ञानानंद महाराज ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यमुना मिशन के नव गठित संरक्षक मंडल में महामंडलेश्वर कार्ष्णि स्वामी श्री गुरुशरणानंदजी महाराज (रमणरेती आश्रम गोकुल), परमपूज्य गौ-ऋषि स्वामी श्रीदत्त शरणानंदजी महाराज (पथमेड़ा गोधाम, राजस्थान), जगद्गुरु श्रीमलूकपीठाधीश्वर डा. स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्यजी महाराज, (मलूकपीठ वृंदावन), गीता मनीषी ज्ञानानंदजी महाराज (कृष्णकृपा धाम, वृंदावन) और बाबा सियारामदासजी महाराज (हनुमानबाग गोवर्धन) शामिल होंगे। संरक्षक मंडल में शामिल संत लगातार यमुना मिशन के कार्यों को सुझाव और मार्गदर्शन के रूप में अपना आशीर्वाद प्रदान करते रहेंगे। पूर्व में गठित हुई यमुना मिशन की सात सदस्यीय संतों की “यमुना मिशन कार्यकारिणी समिति” भी संरक्षक मंडल के संरक्षकत्व में कार्य करेगी।
संत ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि सात सदस्यीय कार्यकारिणी की अवधि दो वर्ष है, इसके बाद आवश्यकतानुसार सदस्यों का मनोनयन होगा। उन्होंने कहा कि संतों के मार्गदर्शन से ही ब्रज एवं समस्त देश के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। ब्रज की पुरातन आभा को प्रकृति संरक्षण के माध्यम से स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यमुना मिशन के कार्यों को लेकर तरह-तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि ब्रज और यमुना के हित में किए जा रहे इन कार्यों को साधु संत अपना आशीर्वाद रूपी संबल प्रदान करें। उन्होंने आम-जनमानस से भी इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। पिछले साढ़े छह साल से यमुना मिशन लगातार यमुना में गिर रहे गंदे नालों को रोक रहा है, साथ ही वृक्षारोपण के माध्यम से यमुना किनारों को सजाने में लगा हुआ है। यही कारण है कि एक ओर जहां समाज का बुद्धिजीवी वर्ग यमुना मिशन के कार्यों से सहमत है तो बड़ी संख्या में आम जनता यमुना मिशन के कार्यों का लाभ उठा रही है।

इस अवसर पर गोपेशकृष्णदास , हरदेवानंदजी, महंत श्रीरामदास जी महाराज, सूरश्याम गोशाला के देवेंद्र शर्मा के साथ यमुना मिशन के संस्थापक प्रदीप बंसल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Spread the love