हरियाली तीज पर महिलाओं ने गाए सावन के गीत

बृज दर्शन

मथुरा। हरियाली तीज के अवसर पर यमुना किनारे विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने झूला झूलकर सावन का आनंद उठाया, साथ ही सावन की गीतों का भी खूब आनंद उठाया। इसके बाद दोपहर को पौधरोपण कार्यक्रम हुआ और शाम को यमुना आरती का आयोजन हुआ।
पुण्य तीर्थ विश्राम घाट के साथ साथ यमुना मिशन द्वारा विकसित तुलसीवन, गऊघाट, सुदर्शन घाट, सूर्यघाट, महादेव घाट और जानकी घाट आदि पर हरियाली तीज के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। तुलसी वन के समीप यमुना पथ पर स्थानीय महिलाओं ने हरियाली तीज के अवसर पर प्रकृति सेवा की। महिलाओं ने यमुना किनारे स्थित इस यमुना पथ पर पौधरोपण किया। तुलसी वन और सुदर्शन घाट पर महिलाओं के सावन के गीतों के विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां दोपहर बाद से ही उत्सव का सा माहौल था। सावन के पारंपरिक गीतों के साथ साथ भजनों का भी महिलाओं ने आनंद उठाया। गऊघाट पर लगे कतारबद्ध झूलों में झूलने के लिए सुबह से ही महिलाओं में उत्साह था। दोपहर बाद तो यह भीड़ बढ़ गई। शाम के समय यमुना मैया का हिंडोला सजाया गया। इसके बाद यमुनाष्टक का पाठ हुआ और यमुना आरती का आयोजन हुआ। इसी प्र्रकार के कार्यक्रम अन्य घाटों पर भी आयोजित हुए।

इस अवसर पर यमुना मिशन के संस्थापक प्रदीप बंसल, सूरश्याम गोशाला से देवेंद्र शर्मा, अरुण शर्मा, राजीव शर्मा, रश्मि शर्मा, मेघा माहेश्वरी और मोहित माहेश्वरी आदि मौजूद थे।

Spread the love