फोन ना उठाने के मामले में भिड़े भाजपाई, पार्टी से 6 साल के लिए दो निष्कासित

ब्रेकिंग न्यूज़

मथुरा। भाजपा जिला कार्यालय पर बूथ विजय अभियान संबंधी बैठक में फोन ना उठाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पार्टी के कुछ पदाधिकारी हंगामा करते हुए मंच पर जा पहुंचे, जहां उनकी तीखी तकरार भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल से हुई। बाद में महानगर अध्यक्ष ने दो पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

हुआ यूं कि बूथ विजय अभियान को लेकर राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार चाहर जिला कार्यालय पर बैठक ले रहे थे। इसी बीच पूर्व सह मीडिया प्रभारी वीरभान सिंह ने महानगर अध्यक्ष पर उनका फोन न उठाने का आरोप लगाया। वीरभान सिंह के साथ कुछ अन्य कार्यकर्ता भी इसी प्रकार आक्रामक होकर मंच पर आ गए। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने हो रहे इस व्यवहार को लेकर पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की। हालांकि उस समय असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को किसी तरह समझाबुझाकर मंच से वापस भेज दिया गया। इस प्रकरण के बाद जिला महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने पूर्व मीडिया प्रभारी वीरभान सिंह और तंतूरा सेक्टर संयोजक रवि कुंतल को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जिला महानगर अध्यक्ष ने निष्कासन की कार्रवाई से प्रदेश नेतृत्व को भी अवगत करा दिया है। दूसरी ओर वीरभान सिंह ने कहा कि हम पार्टी के कार्यकर्ता हैं, ऐसे में पदाधिकारियों को उनका फोन उठाना चाहिए।

23 अगस्त से चलेगा भाजपा का बूथ विजय अभियान

मथुरा। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी अपने बूथ तक के संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए बूथ विजय अभियान प्रारंभ करने जा रही है। अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य योजना बैठक जिला पार्टी कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मुख्य अतिथि के तौर पर बैठक में आए भाजपा के राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने बूथ सशक्तिकरण पर कार्यकर्ताओं को विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा की बूथ समिति ने जातीय समीकरण एवं सामाजिक समीकरण का भी ध्यान रखना है। उन्होंने बताया संगठन का बूथ महामंत्री बीएलओ (द्वितीय) की भूमिका में कार्य करेगा और अधिक से अधिक नए नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने का काम भी किया जाएगा। चाहर ने कहा की बूथ का सत्यापन बूथ पर ही जाकर किया जाएगा ताकि निष्क्रिय अथवा मृत कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें बदला जा सके। हर शक्ति केंद्र पर महीने के अंतिम रविवार प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम सुनना भी है और अधिक से अधिक लोगों को सुनवाना भी है। भारतीय जनता पार्टी स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की संख्या तैयार कर रही है जिसमें अभी तक 130000 से अधिक स्वास्थ्य स्वयंसेवक बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर बूथ का अपना अलग व्हाट्सएप ग्रुप होगा जिसमें आम लोगों को जोड़कर संगठन के कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में बूथ सत्यापन का अभियान 23 अगस्त से 7 सितंबर तक चलेगा। बूथ समिति की सूची मंडल अध्यक्ष के पास जमा करानी होगी, फिर उसका सत्यापन किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि 11 सितंबर से 20 सितंबर तक इस अभियान का दूसरा चरण शुरू होगा जिस में पन्ना प्रमुख बनाए जाएंगे। संगठन का वरिष्ठ पदाधिकारी पन्ना प्रमुख होंगे। 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन मंडल स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ठाकुर किशन सिंह, चेतन स्वरूप पाराशर, पूजा चौधरी, प्रदीप गोस्वामी, राजवीर सिंह, ज्ञानेंद्र राणा, परशुराम शर्मा, राजपाल सिंह, गजेंद्र चौधरी, रामपाल सिंह, हीरा कुंतल, रामपाल सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का संचालन महानगर महामंत्री राजू यादव ने किया।

Spread the love