मथुरा। पापमोचनी एकादशी, बुधवार को श्रीयमुनाजी के यमुना मिशन द्वारा विकसित सुदर्शन घाट पर धर्म, आध्यात्म और भक्ति की त्रिवेणी बही। इस पुण्य अवसर पर सुदर्शन घाट पर आए सभी श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन का आनंद उठाने के बाद यमुना आरती कर पुण्यलाभ कमाया। कार्यक्रम में अपनी माताजी और अन्य पारिवारिक महिलाओं के साथ शामिल होने क्षेत्रीय पार्षद अंशुल यादव ने यमुना मिशन के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी श्रीयमुनाजी के सुदर्शन घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी, हालांकि पापमोचनी एकादशी का अवसर होने के कारण भजन-कीर्तन में अलग ही आध्यात्म-रस नजर आया। भजन कीर्तन के दौरान ही क्षेत्रीय पार्षद अंशुल यादव अपनी माताजी और अन्य पारिवारिक महिलाओं के साथ सुदर्शन घाट पर पहुंचे। उन्होंने यमुना मिशन द्वारा कराए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। इतने अच्छे विकास कार्यों के लिए क्षेत्रीय पार्षद ने यमुना मिशन के संस्थापक श्री प्रदीप बंसल का आभार प्रकट किया, साथ ही यमुना शुद्धिकरण-सौंदर्यीकरण और क्षेत्रीय विकास के लिए अपनी ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
