4 अक्टूबर को जन्मोत्सव हवन के साथ मनाया जायेगा दीनदयाल जी का 105 वां जन्मदिवस
– अखण्ड दीप महायज्ञ, कृषि गोष्ठी, सार्वजनिक सभा, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, ब्रज लोकगीत कार्यक्रम होंगे खास
भरतलाल गोयल
दीनदयाल धाम (फरह)। एकात्ममानव दर्शन के प्रणेता महामनीषी, प्रखर चिंतक, महान दार्शनिक एवं आदर्श राजनेता पं० दीनदयाल उपाध्याय के जन्मोत्सव पर समारोह 4 एवं 5 अक्टूबर, 2021 को दीनदयाल धाम में मनाया जायेगा। अखण्ड भारत दीप महायज्ञ के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार भी जन्मोत्सव समारोह वर्चुअल होगा। जन्मोत्सव समारोह का शुभारम्भ हवन के साथ और समापन शिशुओं के रंगमंचीय कार्यक्रम के साथ होगा।
यह जानकारी पं0 दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति के अध्यक्ष अशोक टैंटीवाल ने शनिवार को पं0 दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या इटर कॉलेज, दीनदयाल धाम, फरह में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय वर्चुअल जन्मोत्सव मेला का शुभारम्भ 4 अक्टूबर, 2021 को प्रातः 8 बजे से स्मारक भवन पर सामूहिक हवन यज्ञ के साथ होगा। इसी दिन मध्यान्ह 12 बजे सार्वजनिक सभा आभासी पद्धति द्वारा आयोजित की जायेगी। सभा में मुख्य वक्ता प्रो० डॉ० अनिरूद्ध देश पाण्डे, सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रहेंगे। अध्यक्षता दिनेश चन्द्र विश्व हिन्दू परिषद करेंगे एवं अतुल कृष्ण भारद्वाज रामकथा, कृष्ण कथा मर्मज्ञ का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। श्री टैंटीवाल ने बताया कि अपरान्ह तीन बजे से दीनदयाल कामधेनू गौशाला समिति के तत्वावधान में किसान गोष्ठी आयोजित होगी। जिसमें में मुख्य वक्ता डॉ० पुनीत वार्ष्णेय पशु रोग विशेषज्ञ होंगें। अदृश्य काड़ सिद्धेश्वर स्वामी कनेरी मठ, कोल्हापुर का आशीर्वचन रहेगा। महामंत्री डॉ0 कमल कौशिक ने बताया कि इस बार अमृत महोत्सव के दृष्टिगत पं० दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर सीनियर सैकेंडरी स्कूल दीनदयाल धाम के तत्वावधान में सायं 05.30 से बजे से अखण्ड भारत दीप महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें मुख्य अतिथि यतीन्द्र राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री विद्या भारती रहेंगे।
डॉ0 रोशन लाल, उपाध्यक्ष पं0 दीनदयाल उपाध्याय स्मारक समिति, दीनदयाल धाम ने बताया कि जन्मोत्सव समारोह के दूसरे दिन 05 अक्टूबर 2021, को प्रातः 10 बजे से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता पं० दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मन्दिर सीनियर स्कूल के द्वारा कराई जायेगी। स्मारक समिति मंत्री नवीन मित्तल ने बताया कि इस दिन मध्यान्ह 12 बजे से सूर्या फाउंडेशन द्वारा फरह खंड के ग्रामों में पं० दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति दीनदयाल धाम के संयोजन में करायी गयी प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होगा। महोत्सव समिति की मंत्री रीना सिंह ने बताया कि लोक गीत कार्यक्रम अपराह्न 2 बजे से होंगे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती बेवी रानी मौर्य पूर्व राज्यपाल उत्तराखंड रहेंगीं । मुख्य अतिथि के रूप में करमवीर सिंह, प्रदेश सह संगठन मंत्री, भाजपा एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में श्रीमती मधु बघेल सामाजिक कार्यकत्री रहेंगी।
स्मृति महोत्सव समिति कोषाध्यक्ष नरेन्द्र पाठक ने बताया कि शिशुओं का रंगमंचीय कार्यक्रम सायं 05.30 बजे होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में गोविन्द जी विभाग प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपस्थित रहेंगे। सर्वव्यवस्थापक प्रमुख हरेन्द्र सारस्वत ने बताया है कि स्मृति महोत्सव सरकार की कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए मनाया जायेगा। खान-पान की कोई दुकाने नही लगेंगी। दीनदयाल धाम में जगह- जगह दीप प्रज्जवलित किये जायेंगे। स्मृति महोत्सव समिति के प्रचार मंत्री मुकेश शर्मा ने बताया कि दो दिवसीय जन्मोत्सव समारोह के सभी कार्यक्रमों को ऑनलाइन वर्चुअल लाइव फेसबुक, जूम एप और व्हाट्सअप पर लिंक के माध्यम से देखा जा सकेगा। इसके लिए लिंक भी जारी कर दिये गये हैं।
प्रेस वार्ता में डॉ० हरी सिंह भदौरिया, जगमोहन पाठक, ठा० महीपाल सिंह, राज दर्शन पचौरी, बृज मोहन गौड़, हरिशंकर पाठक, संजीव यादव, राम पाठक, कपिल आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।