‘रंग बरसे लाल गुलाल, राधारानी के मंदिर में…’ भजनों ने बांधा ऐसा समां, कि थिरकने लगे लोग

ब्रेकिंग न्यूज़

बरसाना। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के सयुंक्त तत्वावधान में आयोजित रंगोत्सव-2021 कार्यक्रम के दूसरे दिन एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध ब्रज लोक संगीत गायक रामेश्वर दयाल शर्मा के फॉग गायन एवं ब्रज लोकगीत से हुआ। इसके पश्चात बृज की पारंपरिक प्राचीन लोक गायकी विधा में से एक लावनी गायन का शुभारम्भ हुआ। जिसमें नवीन शर्मा निडर एवम साथियों द्वारा प्राचीन वाद्य यंत्र चंग के साथ ‘ग्वालों से कृष्ण यों कहें चलो बरसाने खेलेंगे होली, बुलवाए श्री राधा ने’ तथा ‘बृषभान किशोरी श्याम संग खेले री होरी’ गाकर सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दीया। सुप्रसिद्ध भजन गायिका साध्वी पूनम दीदी ने अपने भजनों का प्रारंभ ‘यह श्यामा का प्रेम नगर है, यहां संभल कर आना जी’ गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दीया। इसके उपरांत जैसे ही उन्होंने ‘मेरे कान्हा जब आए पलट के,आज होरी मै खेलूंगी डट के’ गाया, तब सभी दर्शक अपने स्थान पर खड़े होकर मस्ती से झूमने और नाचने लगे।इसके पश्चात उन्होंने ‘नेक आगे आ श्याम तोपे रंग डारुं, नेक आगे आ’ और ‘रसिया रोज बहाना करके आवे होरी खेलन कूँ’ गाया।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने ‘रंग बरसे लाल गुलाल राधारानी के मंदिर में’ गाकर सभी को भाव विभोर कर दीया। कार्यक्रम में लोग जहां एक ओर होली के गीतों का आनंद ले रहे थे, वहीं दूसरी ओर इस्कॉन मंदिर के भक्तों द्वारा सुमधुर महामंत्र ‘हरे कृष्ण हरे कृष्ण’ द्वारा भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कीया। बरसाना पधारे श्रद्धालुओं द्वारा उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद द्वारा कराए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया गया। परिषद द्वारा इस बार रंगोत्सव में स्थानीय कलाकारों एवं बृज की लोकप्रिय गायन मंडलियों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
इस अवसर पर बृज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा, पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, भातखंडे संगीत संस्थान के कुलसचिव डा लवकुश द्ववेदी, ललित कला अकादमी के सचिव यशवंत सिंह राठौर, आयोजन समिति से अनूप शर्मा व संजय शर्मा आदि ने सभी कलाकारों का स्वागत किया।

Spread the love