जीएलए में स्थापित होगा स्टार्टअप इन्क्यूबेटर केन्द्र

यूथ

उत्तरप्रदेश आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग द्वारा जीएलए स्टार्टअप इन्क्यूबेटर हेतु चयनित
मथुरा। नवाचार और उद्यमिता के विकास हेतु उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग द्वारा जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा को स्टार्टप इन्क्यूबेटर सेंटर बनाये जाने की मंजूरी प्रदान की है। इस स्टार्टअप नीति के तहत युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के विकास हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उत्तर प्रदेश स्टार्टअप इन्क्यूबेटर नीति के तहत प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग द्वारा प्रदेश में इस बार 7 नए केन्द्रों को मंजूरी दी है। उनमें से एक जीएलए विश्वविद्यालय का होना न केवल जीएलए परिवार के लिए, बल्कि मथुरा एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए गौरव की बात है। इन इन्क्यूबेटर सेंटरों पर जहां शिक्षित-प्रशिक्षित युवा बेरोजगार अपना स्टार्टअप स्थापित करके उद्यमी बनने की ओर अग्रसर होंगे। वहीं प्रदेश में स्टार्टअप हेतु अनुकूल वातावरण तैयार करने में इन केंद्रों से सहायता मिल सकेगी। इस प्रक्रिया के तहत युवाओं को रोजगारपरक बनने में आसानी होगी।
जीएलए के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने जीएलए यूनिवर्सिटी में इनक्यूबेटर सेंटर स्थापित किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए न्यूजेन आईइडीसी स्टार्टअप टीम को बधाई दी और कहा कि सरकार की इस स्टार्टअप नीति से छात्रों का स्वरोजगार के प्रति रुझान बढ़ेगा, बल्कि उद्योगों की स्थापना करने के लिए स्टार्टअप के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने का एक सुनहरा अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार द्वारा जीएलए विश्वविद्यालय में न्यूजेन आईइडीसी की स्थापना 2017-18 में पहले ही की जा चुकी है। न्यूजेन आईइडीसी की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य छात्र-छात्राओं को इनोवेशन के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके लिए सरकार द्वारा प्रति प्रोटोटाइप सहायता राशि भी उपलब्ध करायी जा रही है। न्यूजेन आईइडीसी के माध्यम से जीएलए विश्वविद्यालय में अब तक 42 इनोवेटिव प्रोटोटाइप तैयार किए जा चुके हैं।
जीएलए में अब भी 31 स्टार्टअप कार्यरत हैं, जिसमें 14 टीमें अपना रजिस्ट्रेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में करा चुकी हैं। कुछ टीमें अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रयासरत हैं। जीएलए में कार्यरत स्टार्टअप टीमों को आवश्कतानुसार ट्रेडमोलेन ई-साइकिल प्रा.लि, फूड़वागोन प्रा.लि, साइबर इमपोस्टर्स को आर्थिक सहायता प्रदान की है। स्टार्टअप लांच पैड में पंजीकृत ट्रेडमोलेंन ई-साइकिल प्रा.लि, द्वारा ट्रेड ई-साइकिल का निर्माण किया जा रहा है। फूड़वागोन प्रा.लि, द्वारा रेहड़ी फुटपाथ पर ठेले लगाने वालों के लिए अत्याधुनिक ठेले का निर्माण किया जा रहा है।
स्टार्टअप इन्क्यूबेटर स्थापित किए जाने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. फाल्गुनी गुप्ता, चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नीरज अग्रवाल, चीफ फाइनेंस ऑफिसर विवेक अग्रवाल, प्रतिकुलपति प्रो. आनंद मोहन अग्रवाल, डीन एकेडमिक प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह, जीएलए न्यूजेन आईइडीसी के चीफ कोऑर्डिनेटर डाॅ. मनोज कुमार ने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिवार को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद दिया।

Spread the love