उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने तैयार की 400 करोड़ की योजना, वृंदावन वाईपास से जुड़ेंगे सप्तदेवालय और बाँकेबिहारी मंदिर
वृंदावन (मथुरा)। सिक्सलेन वृंदावन वाईपास स्वीकृत होने के साथ ही अब उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने इसकी पहुंच श्रीबाँकेबिहारी मंदिर तक आसान बनाने के लिए यमुना पर जर्मन तकनीक से आधारित सिग्नेचर ब्रिज बनाने की योजना तैयार कर ली है। इस पर करीब 400 करोड़ की लागत का अनुमान है, जो नेशनल हाईवे और यमुना एक्सप्रेस वे से आने वाले श्रद्धालुओं को श्रीबाँकेबिहारी मंदिर तक सुगमतापूर्वक पहुंचाएगा।
हाल ही में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर जैत में दिल्ली आगरा नेशनल हाईवे को यमुना एक्सप्रेस से वृंदावन कट के निकट जोड़ने की सिक्सलेन सड़क योजना को नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने स्वीकृति प्रदान की है। 1645 करोड़ की सिक्सलेन सड़क योजना में बेगमपुर पार्किंग पर ही वाहनों को चढ़ने और उतरने का विकल्प प्रदान किया जाएगा। अब यहाँ तक पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को श्रीबाँकेबिहारी मंदिर और इसके आसपास वृंदावन के सप्त देवालयों तक पहुँचाने के लिए यमुना पर पहुंच मार्ग बनाने की एक और योजना उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने बनाई है। इसके तहत सिक्सलेन वृंदावन वाईपास को जोड़ते हुए यमुना पर 1.5 किलोमीटर लम्बा सिग्नेचर ब्रिज बनाया जाएगा, जिसमें एलिवेटेड रोड भी शामिल है,जो जुगलघाट तक बनाया जाएगा। यह 21 मीटर चौड़ा होगा। यह पुल जर्मन तकनीक पर आधारित केबल और बॉक्सेस का होगा, जो प्रयागराज पैटर्न पर होगा।
बदलेगी यमुना के घाटों की सूरत
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित यमुना के लुप्तप्राय घाटों को श्रद्धालुओं के सामने लाने की योजना बनाई है। जुगल घाट, चीर घाट को प्राचीन स्वरूप के अनुरूप विकसित किया जाएगा। जिससे वृंदावन वाईपास से सिग्नेचर ब्रिज होते हुए वृंदावन परिक्रमा मार्ग पहूँचने वाले श्रद्धालुओं का यमुना के घाट अपनी प्राचीन खूबसूरती से मन मोह सकें। वृंदावन में अनेक घाट बेहद आकर्षक हैँ, लेकिन यहाँ श्रद्धालु नहीं पहुंचते हैँ।
केबल और बॉक्सेस से बनेगा सिग्नेचर ब्रिज
यमुना पर वृंदावन में प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज जर्मन तकनीक पर आधारित होगा, जो केबल और बॉक्सेस से बनाया जाएगा। यह पुल प्रयागराज के पैटर्न पर होगा। वृंदावन में इसकी लम्बाई 1.5 मीटर तय की गई है, जो 21 मीटर चौड़ा होगा।
तीन साल में बनेगा सिक्सलेन वृंदावन वाईपास
नेशनल हाईवे प्राधिकरण द्वारा बनाए जाने वाला सिक्सलेन वृंदावन वाईपास तीन साल में बनकर तैयार होगा।1646 करोड़ की लागत से 15.34 किलोमीटर लम्बा सिक्स लेन रोड में यमुना पुल सहित 3.3 किलोमीटर एलीवेटेड रोड भी होगा।
25 एकड़ में बनेगी बेगमपुर पर पार्किंग
दिल्ली आगरा नेशनल हाइवे को यमुना एक्सप्रेस् वे से जोड़ने वाला सिक्सलेन वृंदावन वाईपास पर एक मात्र इंटरचेंज बेगमपुर पर बनाया जाएगा। यहाँ 25 एकड़ में पार्किंग प्रस्तावित है, जिसकी क्षमता 3000 वाहनों की होगी। यह पार्किंग हेरिटेज सिटी की सीमा से सटी हुई होगी। इस पार्किंग को यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण द्वारा विकसित करना प्रस्तावित है।
——————————–
ब्रज के विकास की दिशा में वृंदावन वाईपास के रूप में 1645 करोड़ की योजना स्वीकृत हो चुकी है। अब इस सिक्सलेन रोड को श्रीबाँकेबिहारी जी मंदिर से जोड़ने के लिए 400 करोड़ की योजना भी तैयार की गई है। इसमें सिग्नेचर ब्रिज यमुना पर बनाया जाना है। यह योजना वृंदावन को आकर्षक लुक प्रदान करेगी। यह प्रयागराज के पैटर्न पर होगा। यहाँ घाटों का भी विकास होगा।
– श्याम बहादुर सिंह, सीईओ
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा