दिल्ली हाट के पैटर्न पर मथुरा में बनेगा शिल्पग्राम

टॉप न्यूज़
  • उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रस्ताव पर शासन से 9 करोड़ की पहली किश्त जारी की
  • मथुरा गोवर्धन रोड स्थित गांव जचौंदा पर शिल्पग्राम के साथ टीएफसी और पार्किंग का होगा निर्माण

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद अब दिल्ली हाट के पैटर्न पर मथुरा में शिल्पग्राम बनाने जा रहा है। राज्य सरकार ने मथुरा शिल्प ग्राम के लिए 9 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी कर दी है। यह शिल्पग्राम मथुरा गोवर्धन रोड स्थित जचौंदा में बनाया जाएगा।
ब्रज में त्यौहार और उत्सव का एक अलग ही आनंद है। यहाँ धार्मिक उत्सव वर्ष भर आयोजित होते हैँ। करोड़ों लोग इन उत्सव का हिस्सा बनने के लिए ब्रज भूमि मथुरा आते हैँ। इन श्रद्धालुओं द्वारा ब्रज में बनने वाले हस्तशिल्प से जुड़े सामान की खरीद भी बड़ी मात्रा में की जाती है। ब्रज में हस्तशिल्प से जुड़े उत्पाद को एक स्थान प्रदान करने और इनकी ओर पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा काम किया जा रहा है। इसके तहत दिल्ली हाट के पैटर्न पर शिल्पग्राम का निर्माण किया जाएगा। मथुरा गोवर्धन रोड स्थित गांव जचौंदा पर 6.85 हेक्टेयर जमीन इसके लिए चिन्हित की गई थी। इसमें करीब 5 हेक्टेयर वाले हिस्से पर शिल्पग्राम और टीएफसी का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि सवा हेक्टेयर जमीन के हिस्से पर पार्किंग की प्लानिंग है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि शिल्पग्राम के विकास के लिए 18.33 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसमें 9 करोड़ रुपये की पहली किश्त मिल गई है। जल्द काम शुरु होगा। टेंडर प्रक्रिया शुरु करने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए हैँ।

ब्रज में हस्तशिल्प कारोबार…
ब्रज में हस्तशिल्प से जुड़ा बड़ा कारोबार है। यहाँ बनी कंठी माला देश ही नहीं दुनियां के बाजार में भी अपनी जगह बनाए हुए है। ऐसे ही भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक भी बड़ा उद्योग बनी हुए हैँ। वृंदावन में बनने वाली पोशाक अनेक देशों में बिक्री के लिए जाती हैँ। ऐसे ही अन्य सामान भी हैँ, जो ब्रज दर्शन को आने वालों की पसंद बने हुए हैँ।

————————————————————————

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली में पौराणिक महत्व के स्थल, वन, कुंडों के साथ ब्रज की संस्कृतिक धरोहर को पर्यटन की दृष्टि से पुनर्जीवित करने में जुटा है। इसी के साथ ब्रज के हस्तशिल्प कला को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली हाट के पैटर्न पर मथुरा में शिल्पग्राम बनाया जाएगा। निर्माण की प्रक्रिया शुरु होगी। यह स्थल गोवर्धन मार्ग स्थित है, जहां से करोड़ों पर्यटक, श्रद्धालु गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए गुजरते हैँ।
श्याम बहादुर सिंह, सीईओ
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा

Spread the love