मथुरा। कोसी क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने एवं बकाए पर कनेक्शन काटने गई बिजली टीम से कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। तीन संविदा कर्मियों के चोट लगी हैं। छाता पुलिस ने क्षेत्रीय जेई द्वारा दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एसडीओ सर्वज्ञ श्रीवास्तव,जेई रोहित वर्मा ,जेई अनूप कुमार टीम के साथ गांव जलालपुर पहुंचे। यहां टीम ने चेकिंग और बकाए पर कनेक्शन कटवाने शुरू किए। एक उपभोक्ता के घर चोरी मिली। अवैध केबल को काटने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने कर्मचारियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। संविदा कर्मियों को बचाने इंजीनियर पहुंचे तो उनको भी पीछे धकेल दिया। गाली गलौज एवं धमकी देते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। उनका मोबाइल तोड़ दिया। मारपीट की घटना में संविदा लाइनमैन दिनेश, विक्रम एवं विशाल को चोट आईं। घटना की सूचना बिजली कर्मियों ने छाता पुलिस को दी। टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी की। मारपीट की इस घटना से बिजली कर्मियों में डर का माहौल है। कोसी देहात के जेई रोहित वर्मा ने पुलिस को इस घटना की इसकी तहरीर दी है। एक्सईएन कोसी दिनेश यादवेन्दु ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार टीम चेकिंग करने गई थी। वहां चोरी पकड़ने पर झगड़ा एवं मारपीट टीम के साथ कर दी गई थी। रिपोर्ट दर्ज हो गई है। चीफ इंजीनियर मथुरा जोन को प्रगति से अवगत कराया गया है।
इधर शहर के जयसिंहपुरा खादर में एसडीओ मानवेन्द्र गौतम,जेई सतेन्द्र मौर्या ने टीम के साथ चेकिंग की और आठ स्थानों पर चोरी पकड़ी। दरेसी क्षेत्र में एसडीओ पंकज शर्मा, जेई अशोक यादव ने विजिलेंस एवं टीम के साथ दरेसी क्षेत्र में अभियान चलाया। यहां सात स्थानों पर चोरी के मामले पकड़े गए। एसडीओ छाता नवनीत सिंह के निर्देशन में टीम ने चेकिंग की और सात से अधिक स्थानों पर गड़बड़ी पकड़ी। कोसी क्षेत्र में एसडीओ सर्वज्ञ श्रीवास्तव, जेई रोहित वर्मा ने टीम के साथ अभियान चलाया और चोरी पकड़ी। एसई शहरी सुरेश चन्द्र रावत ने बताया कि बिजली चोरी रोकने को अभियान चलाया जा रहा है।
इनके खिलाफ हुई रिपोर्ट दर्ज
मथुरा कोसी के जलालपुर में हुए विवाद के मामले में जेई रोहित वर्मा ने गत दिवस पुलिस को घटनाक्रम की तहरीर दी थी। छाता पुलिस ने जेई की तहरीर पर जलालपुर निवासी ब्रजभान, दिगम्बर, चेतराम, दिनेश, तुलाराम, विकास, बिरजो, डब्बू, छोटू, देवो, कल्लू, एवं दो अन्य महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
