अवैध दवा का कारोबार करने पर आगरा में रिपोर्ट दर्ज
-हेल्थ केयर फार्मा कंपनी पर अलीगढ़, बिजनौर, मथुरा के औषधि निरीक्षकों ने मारा था छापा
आगरा/ मथुरा। अवैध दवा का कारोबार करने पर आगरा में एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मथुरा में फूड की फैक्ट्री में अवैध दवा का कारोबार किया जा रहा था।
सोमवार को आगरा में औषधि विभाग की टीम ने दवा कारोबारी के यहां कार्रवाई की थी उसके द्वारा बताया गया कि पैकिंग वृंदावन क्षेत्र में की जाती है। इस पर औषधि निरीक्षक बिजनौर आशुतोष मिश्रा, अलीगढ़ के औषधि निरीक्षक हेमेन्द्र चौधरी एवं मथुरा के औषधि निरीक्षक अनिल कुमार आनंद ने जीएलए के पास आझई स्थित मेंडेस हेल्थ केयर फार्मा कंपनी पर पुलिस के साथ कार्रवाई की। यहां दवाओं की पैकिंग का सामान मिला। मशीन एवं कमरा को सील की। हिरासत में लिए गए कंपनी संचालक के खिलाफ औषधि निरीक्षक आगरा नरेश मोहन दीपक ने सिकंदरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह जानकारी औषधि निरीक्षक एके आनंद ने दी।
—फूड फैक्ट्री की आड़ में चल रहा था अवैध दवाओं का धंधा
आगरा/मथुरा औषधि विभाग के एसीडी अलीगढ़ पूरनचंद ने बताया कि फूड्स फैक्ट्री की आड़ में अवैध दवाओं का गोरखधंधा यहां चल रहा था। फूड फैक्ट्री के नाम पर लाइसेंस जारी कराकर अवैध दवाओं की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। गोपनीय सूचना के आधार पर आगरा में तीन स्थानों छापा मारा गया था, जिसमें मुंबई की किसी कम्पनी का निर्माणशाला का रैपर मिला था। उसी क्रम में सूचना के आधार पर मथुरा में कार्रवाई की गई है। जिसमें काफी दवाएं नकली भी हैं और अवैध भी हैं।
ड्रग्स विभाग के 40 दिन के सफल ऑपेरशन के बाद अवैध कम्पनी पर छापामार कार्यवाही की गई है, जिसमें से मौके पर छह कर्मचारियों को पकड़ा गया है। मीनू शर्मा के नाम पर लाइसेंस जारी किया गया है, वहीं उसका भतीजे सौरभ शर्मा द्वारा दवाओं की अवैध कम्पनी को चलाया जा रहा था। मौके से ढेर सारी दवाएं व उनके रैपर मिले हैं। एसीडी पूरन चंद, एसीडी अखिलेश जैन के नेतृत्व में ड्रग इंस्पेक्टर अलीगढ़ हेमेंद्र चौधरी, ड्रग इंस्पेक्टर मथुरा अनिल आंनद, ड्रग इंस्पेक्टर नोयडा वैभव बब्बर, ड्रग इंस्पेक्टर बिजनौर आशुतोष मिश्रा ने कार्रवाई की है।
—फूड विभाग ने भी भरे थे सैंपल
मथुरा। फूड विभाग के डीओ डा.गौरीशंकर के निर्देशन में टीम ने इसी कंपनी पर कार्रवाई की। अलग-अलग दवाओं के सैंपल लिए गए। फर्म संचालक को रखरखाब एवं साफ-सफाई पर नोटिस दिया गया। डा. शैलेन्द्र रावत, सविता शर्मा, नंद किशोर आदि मौजूद थे।
–वर्जन
आगरा से मिली सूचना पर फूड फैक्ट्री पर टीम ने कार्रवाई की थी। संचालक को धोखाधड़ी कर कारोबार करने के प्रकरण में हिरासत में लिया गया था। आगरा के सिकंदरा थाने में उक्त कंपनी के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह रिपोर्ट आगरा के डीआई ने दर्ज कराई।
एके आनंद, औषधि निरीक्षक
