अशोक विहार में वर्षा के बाद होगा पंपिंग स्टेशन का निर्माण, बोले महापौर-यमुना शुद्धिकरण के लिए यह मील का पत्थर

Uncategorized


मथुरा। यमुना में जा रहे चार नालों को भी टेप किए जाने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना का काम चल रहा है। एक पंपिंग स्टेशन बन चुका है, जबकि दूसरे के लिए भूमि उपलब्ध हो गई। अशोक विहार कालोनी में निर्माण से पहले की एनवायरो इंजीनियरिंग कंपनी ने तैयारी तेज कर दी है। वर्षा के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
कान्हा की नगरी से यमुना मैया गुजर रही है। नालों का पानी यमुना में गिरने से जल प्रदूषित हो रहा है। शासन द्वारा यमुना का जल स्वच्छ बनाने के लिए नमामि गंगे को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र में करीब पांच एसटीपी संचालित हैं। कुल 23 में से 19 नाले टेप हो चुके हैं, चार नाले शेष हैं। इसके लिए बीते वर्ष 60 एमएलडी क्षमता की गोकुल बैराज के समीप एसटीपी स्वीकृत किया गया। 196 करोड़ रुपये से बनने वाले इस एसटीपी में दो पंपिंग स्टेशन भी बनने हैं। गोकुल बैराज पर एक पंपिंग स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। एसटीपी का कार्य भी करीब 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। दूसरे पंपिंग स्टेशन के लिए अब तक भूमि नहीं मिल रही थी। नगर निगम ने सदर क्षेत्र के अशोक विहार में बीते महीने भूमि उपलब्ध कराई है। इस भूमि को नगर निगम ने संबंधित कंपनी को उपलब्ध करा दिया है। कंपनी ने एसटीपी तक पाइपलाइन डालने के लिए रोड कटिंग आदि के लिए अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद इस ओर काम शुरू हो जाएगा। वहीं पंपिंग स्टेशन के निर्माण के लिए एनवायरो इंजीनियरिंग नई दिल्ली की कंपनी ने सामान पहुंचाने का काम शुरू करा दिया है। वर्षा के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। नमामि गंगे, आगरा इकाई के अवर अभियंता नरेश कुमार ने बताया, वर्षा के मौसम के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।


काम शुरू हुआ नहीं, अफवाहें फैलाने में जुटे असामाजिक तत्व
अभी पंपिंग स्टेशन का काम शुरू भी नहीं हुआ, लेकिन जनहित के काम में बाधा डालने वाले और सरकारी भूमि पर नजर जमाए असामाजिक तत्वों ने अफवाहें फैलाना शुरू कर दिया है। ऐसे असामाजिक तत्व लोगों को भ्रमित रहे हैं कि यहां प्लांट बनने के बाद कालोनी में गंदगी और कचरा हो जाएगा। ऐसे में असामाजिक तत्व आसपास के भाेले-भाले लोगों को अपने स्वार्थ के लिए गुमराह कर रहे हैं। दरअसल कई स्थानीय असामाजिक तत्व इस सरकारी जमीन का निजी प्रयोग करने के लिए तरह-तरह की तिकड़म लगा रहे हैं। पूर्व में सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी ने दो बार में बलपूर्वक अवैध कब्जा इसी जमीन से हटाया था।

यमुना शुद्धिकरण के लिए मील का पत्थर-विनोद अग्रवाल
महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया है कि गोकुल बैराज पर बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और यमुना किनारे बनने वाले दो पंपिंग स्टेशन यमुना शुद्धिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। ऐसे में कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी ने कार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश की तो कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय पार्षद संजय अग्रवाल ने बताया कि गोकुल बैराज पर एसटीपी-एसपीएस और अशोक विहार में एसपीएस बनने के बाद यमुना प्रदूषण समाप्त होगा, जो नगर निगम मथुरा-वृंदावन, जिला प्रशासन और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के लिए वरीयता पर है।

Spread the love

13 thoughts on “अशोक विहार में वर्षा के बाद होगा पंपिंग स्टेशन का निर्माण, बोले महापौर-यमुना शुद्धिकरण के लिए यह मील का पत्थर

Comments are closed.