मुख्य बिंदु
- 460 करोड़ रुपये की परियोजना में मथुरा-वृन्दावन के 35 नालों में से 31 की टैपिंग पूरी
- 30 एमएलडी मसानी एसटीपी तैयार, शहर में 79.3 एमएलडी हुई शोधन क्षमता
- लक्ष्मी नगर में 20 एमएलडी टीटीआरओ प्लांट तैयार
- वार्ड 49, 25 और 13 में 1.36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास
- मथुरा-वृन्दावन में बुनियादी सुविधाओं और यमुना शुद्धिकारण के लिए 900 करोड़ रुपये से भी अधिक के हुए कार्य
- मथुरा-वृन्दावन निगम क्षेत्र में 31,000 नई स्ट्रीट लाइट लगीं
-3 साल से नहीं बढ़ा बिजली का बिल
- मथुरा-वृन्दावन के 2.6 लाख टन पुराने कचरे का निपटारा जून 2022 तक
मथुरा।.
ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री पं. श्रीकान्त शर्मा ने शनिवार को मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के तीन वार्डों में 1 करोड़ 36 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार यमुना शुद्धिकरण के लिए संकल्पबद्ध है। यह इस बात से परिलक्षित होता है कि जनवरी 2019 जनवरी में मथुरा में एसटीपी, टीटीआरो, एसपीएस और आई एंड डी वर्क्स के कार्यों का शिलान्यास किया गया। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में योगी सरकार ने 460 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत मथुरा-वृन्दावन के यमुना में गिरने वाले 35 नालों में से 31 की टैपिंग अक्टूबर में पूरी कर ली है। इस योजना के तहत 30 एमएलडी का एसटीपी प्लांट बनकर तैयार है। आज शहर में 79.3 एमएलडी सीवर के पानी की शोधन क्षमता हो गई है। अन्य सभी नालों की टैपिंग होते ही रिवर फ्रंट पर भी काम होगा। 9 पम्पिंग स्टेशन बने हैं, वहीं लक्ष्मी नगर में 20 एमएलडी का टीटीआरओ प्लांट तैयार हो गया है, जिसके जरिये शोधित जल को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए उद्योगों को बेचा जाना है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 की शुरुआत तक मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में मथुरा-वृन्दावन की हालत बेहद चिंताजनक थी। योगी सरकार में नगर निगम के गठन के बाद मथुरा-वृन्दावन में सड़क, नाली, नाले, पेयजल, शौचालय, पार्क और स्ट्रीट लाइट के कार्य शहर के हर कोने में हुए हैं। शहर के हर कोने में 31 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट लगी हैं। बुनियादी सुविधाओं और यमुना शुद्धिकारण के लिए 900 करोड़ रुपये से भी अधिक के कार्य हुए हैं।
अब कई वर्षों से चली आ रही पुराने कूड़े (लीगेसी वेस्ट) की समस्या के निस्तारण पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। ऊर्जा मंत्री ने नगला कोल्हू में शहर के 2.6 लाख टन पुराने कचरे का निपटारा जून 2022 तक करने के निर्देश दिये। कचरे का निस्तारण कर खाद व ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जाना है। ऊर्जा मंत्री ने ब्रजवासियों से शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील भी की।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि योगी सरकार पूरे प्रदेश को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की तैयारी में जुटी है। 5 सालों में भाजपा सरकार ने पूर्व सरकार से रिकॉर्ड 9000 मेगावाट अधिकतम मांग की सफल आपूर्ति की है। पिछली सरकार से प्रदेश में 54% अधिक बिजली आपूर्ति की है। इसके बावजूद पिछले तीन सालों में बिजली के बिल में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। जबकि सपा सरकार के पांच सालों में 60.71% बिजली के दाम बढ़े।
ऊर्जा मंत्री ने शनिवार को वृन्दावन के वार्ड 49 में 59.25 लाख की लागत से गरीब परिवारों के पारिवारिक-सार्वजनिक आयोजनों हेतु परशुराम सामुदायिक भवन का शिलान्यास करते हुए कहा कि योगी सरकार में इस वार्ड में सड़क, नाली, नाले, प्याऊ, शौचालय और स्ट्रीट लाइट के 3.5 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य हुए हैं। इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने मथुरा के वार्ड 25 में सड़क, नाली, नाले, शौचालय व जीआई शीट के कार्यों का शिलान्यास किया। वार्ड 25 में नगर निगम बनने के बाद भाजपा सरकार में सड़क, नाली, नाले, प्याऊ, शौचालय और स्ट्रीट लाइट के 4.5 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य हो चुके हैं।
मथुरा के वार्ड 13 में भी ऊर्जा मंत्री ने सड़क, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली, शौचालय के 51.95 लाख के कार्यों का शिलान्यास किया। इस वार्ड में योगी सरकार में 4.50 करोड़ रुपये से अधिक के मूलभूत सुविधाओं के कार्य हुए हैं व 2.5 करोड़ रुपये के जलभराव खत्म करने की योजना पर काम हो रहा है।