पं. दीनदयाल उपाध्याय का आर्थिक चिंतन आज भी सार्थक : दिनेश

ब्रेकिंग न्यूज़

पं० दीनदयाल उपाध्याय के 105 वें जन्मोत्सव पर सार्वजनिक सभा

पंडित जी की हत्या की जांच होनी चाहिए- दिनेश चंद्र

– पं० दीनदयाल उपाध्याय के आर्थिक विचार आज भी तार्किक हैं- अनिरुद्ध देशपाण्डे

भरतलाल गोयल

फरह। एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता के 105 वें जन्मोत्सव पर आभासी पद्धिति द्वारा आयोजित वर्चुअल सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री दिनेश चंद्र ने कहा, लोग पंडितजी के जन्मस्थान को लेकर भ्रमित हैं। उनका मूल जन्म स्थान नगला चंद्रभान मथुरा है।
विहिप नेता दिनेश चंद्र ने लाइव संबोधित करते कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय बचपन से ही मेघावी थे। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पंडित जी की हत्या की जांच होनी चाहिए, जो अभी तक रहस्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नगला चंद्रभान में संचालित प्रकल्प पंडित जी के सपनों को पूरा कर रहे हैं।
सभा के मुख्य वक्ता अनिरुद्ध देशपांडे सदस्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि पंडित दीनदयाल ने एकात्म मानव दर्शन के विचार में समाज के सामने समग्र चिंतन रखा है। उनका विचार सर्वांगीण उन्नति का विचार है। पं० दीनदयाल उपाध्याय के आर्थिक विचार आज भी तार्किक हैं। उन्होंने अंत्योदय और विकेंद्रीकरण का विचार रखा। उन्होंने कृषि पर ध्यान केंद्रित रखने के लिए पानी को वितरित करने की व्यवस्था और हर हाथ को काम मिले ऐसे विचार दिये।
अनिरुद्ध देशपाण्डे ने बताया कि पं०दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन की सार्थकता आज भी सार्थक है। उनका पूरा चिंतन मनुष्य के इर्द गिर्द है । पंडित जी का कहना था कि प्रकृति का शोषण और दोहन नहीं होना चाहिए। हमें पृथ्वी की चिंता करनी चाहिए, तभी समाज स्वस्थ रहेगा तो हम भी स्वस्थ रहेंगे।


कथावाचक अतुल कृष्ण शास्त्री ने आशीर्वचन देते कहा कि एकात्म मानव दर्शन भारत के आध्यात्म का मूल प्राण है। देवघर झारखंड के महामंडलेश्वर प्रकाशानंद महाराज ने भौतिक रूप से उपस्थित रहकर आशीर्वचन दिया। सार्वजनिक सभा का फेसबुक और जूम एप पर सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों का पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पं० दीनदयाल उपाध्याय के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पार्चन कर भावांजलि अर्पित की गई।
सभा में क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, यतीन्द्र राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री विद्या भारती, निदेशक दीनदयाल धाम सोनपाल, निदेशक केशव धाम ललित कुमार, विभाग प्रचारक गोविंद , प्रांत ग्राम विकास प्रमुख राजवीर दीक्षित, विधायक ठा० कारिन्दा सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष चैतन्य स्वरूप पाराशर, नरेंद्र पाठक, जगमोहन पाठक, प्रचार मंत्री मुकेश शर्मा, रमाकांत उपाध्याय, ठा० महिपाल सिंह, छैल बिहारी, निर्मला दीक्षित, रीना सिंह, जयपाल सिंह, सुरेश तरकर, अंजना शर्मा, गोवर्धन दास गुप्ता, हरीओम गुप्ता आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सभा की अध्यक्षता दिनेश चंद्र , धन्यवाद ज्ञापन स्मृति महोत्सव समिति अध्यक्ष अशोक कुमार टैंटीवाल एवं संचालन महामंत्री डॉ० कमल कौशिक ने किया।

Spread the love