मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह ने विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया शुभारम्भ
मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा सांस्कृतिक नृत्य कला के संवर्धन के लिए गीता शोध संस्थान को पाँच लाख रुपये की धनराशि प्राधिकरण फण्ड से देने की घोषणा की।
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक प्राधिकरण का क्षेत्रीय कार्यालय मंगलवार को वृंदावन में विधिवत शुरु हो गया। कार्यालय का शुभारम्भ मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह द्वारा विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया। इस दौरान प्राधिकरण द्वारा मथुरा क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी व शासन से अनुमोदित अर्बन नोड में अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर में द्वितीय तल पर स्थापित यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय के शुभारम्भ अवसर पर धर्माचार्यों द्वारा मंत्रोचारण किया गया। प्राधिकरण कार्यालय परिसर में भगवान श्री बांके बिहारी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह ने नवीन कार्यालय परिसर का अवलोकन किया। कहा कि मथुरा क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी व शासन से अनुमोदित अर्बन नोड में अन्य विकास कार्यों को गति प्रदान करने व भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को गति देने के लिए गीता शोध संस्थान वृंदावन में यह कार्यालय स्थापित किया गया है। इस कार्यालय की स्थापना में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप द्वारा बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा की गई। कार्यालय के सभा कक्ष में हेरिटेज सिटी की विशेषताओं के संबंध में नियोजन विभाग व कंसलटेंट सीबीआरई द्वारा प्रस्तुतिकरण भी किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में गीता शोध संस्थान में नृत्य कला सीख रही बालिकाओ द्वारा श्री कृष्ण की मनमोहक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा सांस्कृतिक नृत्य कला के संवर्धन के लिए गीता शोध संस्थान को पाँच लाख रुपये की धनराशि प्राधिकरण फण्ड से देने की घोषणा की।
इस कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह के साथ नगेन्द्र प्रताप, अपर मुख्य कार्यापक अधिकारी, कपिल सिंह अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, शैलेंद्र भाटिया विशेष कार्याधिकारी, राजेंद्र भाटी महा प्रबंधक परियोजना, आनंद मोहन सिंह निदेशक हॉर्टिकल्चर, नंद किशोर सुंदरियाल स्टाफ ऑफिसर, वीरेंद्र सिंह डीजीएम, वरिष्ठ प्रबंधक राजबीर सिंह, मनोज धारीवाल, सुभाष चंद्र आदि सहित गौतम बुद्ध नगर के एडीएम राजेश कुमार, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद द्विवेदी, ओएसडी प्रसून द्विवेदी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिसद के पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
12 thoughts on “यीडा के मथुरा क्षेत्रीय कार्यालय का वृंदावन में शुभारम्भ, नोएडा तक नहीं दौड़ेंगे लोग”
Comments are closed.