
मथुरा। जिला महिला अस्पताल परिसर में स्थापित एक हजार एलपीएस क्षमता के आक्सीजन गैस प्लांट की वर्चुअल शुरुआत की गयी। सांसद हेमा मालिनी ने वर्चुअल मुंबई से और स्थानीय स्तर पर डीएम नवनीत सिंह चहल ने मशीन की बटन दबाकर उत्पादन प्रक्रिया प्रारंभ की। ये प्लान्ट पीएम केयर्स फंड के अतंर्गत बनवाया गया है।
इस मौके पर ऑक्सीजन गैस प्लांट के विशेषज्ञ रामेंद्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा रचना गुप्ता और जिलाधिकारी को प्लान्ट की तकनीकी जानकारी दी। जिला महिला अस्पताल परिसर में कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि जनपद में लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहतर से बेहतर इलाज दिलाने के पूरे प्रयास किये जा रहे हैं।
कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान 16 मीट्रिक टन गैस की आवश्यकता महसूस की गई थी। उसी समय से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास शुरू किए गए। अब तक 20 मीट्रिक मीटर टन ऑक्सीजन गैस प्रतिदिन उत्पादन क्षमता हासिल कर ली गई है, जो प्लांट स्थापित किए गए हैं उनमें एक प्लांट वृंदावन के जिला संयुक्त चिकित्सालय में और दूसरा जिला महिला अस्पताल में पीएम केयर्स से बनवाए गए हैं।
वृंदावन के जिला संयुक्त चिकित्सालय में ही एक अन्य प्लांट बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने लगवाया है। इसके अलावा सभी सामुदायिक केन्द्रों व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर कम क्षमता के ऑक्सीजन गैस प्लांट स्थापित कराए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रचना गुप्ता ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग तैयार है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल तरीके से मशीन की बटन दबा कर देश भर में पीएम केयर्स से बने संयंत्रों में आक्सीजन गैस उत्पादन की शुरुआत की। पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश को 4 हजार प्लान्ट लगने जा रहे हैं। हम देश में 100 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य जल्द पूरा करने जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने महिला अस्तपाल में बन रहे बेबी वार्ड का निरीक्षण किया और सीएमओ तथा सीएमएस को निर्देश दिये कि इस कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाये और यदि कंही कोई समस्या उत्पन्न हो रही हो, तो उसे तत्काल संज्ञान में लाये, जिससे समस्या का निस्तारण करते हुए कार्य को पूर्ण कराया जा सके।
इस मौके पर जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. भास्कर और जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा व संजय गोविल व उपायुक्त उद्योग रामेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।