–श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सप्लाई के लिए 33 केवी स्वत्रंत फीडर के अलावा दो 11 केवी लाइन

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जन्मस्थान पर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति रहे, इसके लिए तीन हाईटेंशन लाइनों से सप्लाई की व्यवस्था रहेगी। यदि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सप्लाई बाधित होती है तो एक-दो मिनट के अंदर लाइट चालू हो जाएगी। एक लाइन ट्रिप होते ही दूसरी और वहां भी ट्रिप होने पर तीसरे सप्लाई बिजली घर से सप्लाई जोड़ दी जाएगी। चेंज ओवर के माध्यम से सप्लाई चालू एवं बंद की जा सकेगी। मुख्यालय पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में भाग लेने लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन मथुरा होता है। पुलिस-प्रशासन के साथ अन्य विभाग भी तैयारियों में जुटे हैं। इसमें विद्युत निगम की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। जन्मोत्सव के मौके पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि 24 घंटे रोशनी से जगमग रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जन्मभूमि के लिए पागल बाबा वृंदावन से 33केवी लाइन आ रही है। इसके अलावा कृष्णा नगर बिजली घर से जन्मभूमि एवं जगन्नाथपुरी फीडर कंट्रोल रूम तक आए हैं। यहां रिंग मैन यूनिट एवं चेंज ओवर लगे हैं। अचानक कोई ट्रिपिंग आती है तो कुछ ही देर में सप्लाई चालू हो जाएगी। इसके अलावा करीब तीन बड़े जनरेटर की व्यवस्था भी जन्मभूमि पर है। इनको भी चालू कर रखा जाता है। इमरजेंसी में तीन-चार ट्रॉली ट्रांसफार्मर रहेंगे। कंट्रोल रूम में विद्युत व्यवस्था पर नजर रखने के लिए अधिशाषी अभियंता एवं अन्य इंजीनियर टीम सहित रहेंगे। एसई शहरी सहित अन्य अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

विद्युत आपूर्ति को लेकर निर्देश
मथुरा। दक्षिणांचल के निदेशक तकनीकी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दृष्टिगत निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। फॉल्ट होने पर तुरंत उसे सही कराया जाए।

विद्युत बॉक्स और पोल में नहीं आएगा करंट
श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारकाधीश, यमुना जी क्षेत्र, शहर के प्रमुख क्षेत्र, बांके बिहारी मंदिर सहित प्रमुख क्षेत्र में लगे करीब 2400 विद्युत बॉक्स एवं एक हजार से अधिक पोलों पर भगवा रंग की मोटी प्लास्टिक की पन्नियां चढ़वाई जा रही हैं। क्षेत्रीय इंजीनियर एवं कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर कार्य पर नजर रखे हुए हैं।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी
-33 केवी और 11 केवी लाइनों का ट्री चॉपिंग, जंपर ठीक करना, ट्रांसफार्मर का बैरिकेडिंग और अनुरक्षण, विद्युत उपकेंद्र की टेस्टिंग आदि कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
-जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, बांके बिहारी मंदिर सहित सभी कुंज गलियों में पोलों और पैनल को इंसुलेटेड प्लास्टिक से कवर करने का कार्य कार्यदायी संस्था द्वारा किया जा रहा है।
वर्जन-
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर 24 घंटे बिजली सप्लाई रहेगी। यहां सप्लाई के तीन सोर्स हैं। लाइनों को चेक कराया जा रहा है। अधीनस्थ इंजीनियर प्रतिदिन निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता परख छोटी-छोटी कमियों को दूर करवा रहे हैं। सभी अधीनस्थ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सप्लाई पर नजर रखेंगे।
-राजीव गर्ग, मुख्य अभियंता मथुरा जोन दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम
12 thoughts on “जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर हर समय रहेगी बिजली, कंट्रोल रूम से रखी जाएगी नजर”
Comments are closed.