जिलाधिकारी और सीईओ ने देखीं मुख्य आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं
मथुरा। 5251वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन दृष्टिगत जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य आयोजन स्थल पाच्चजन्य प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया।
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आ रहे हैं। मुख्यमंत्री मथुरा डेम्पियर नगर स्थित 19 करोड़ से अधिक लागत से बने पाच्चजन्य प्रेक्षागृह का उदघाटन करेंगे। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण के 5251 वे जन्मोत्सव समारोह का विशाल बैलून उड़ाकर शुभारंभ करेंगे। इसी के साथ ब्रज के 11 स्थानों से भी ये विशाल बैलून
उड़ाए जाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा बैलून उड़ाए जाने के साथ ही ब्रज में 5251 वें जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ हो जाएगा। पांच बड़े, 19 छोटे और प्रमुख मार्गों के चौराहों पर बने 20 मंचों पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब एक हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इसमें बरसाना राधारानी रोप वे और यमुना में क्रूज का उद्घाटन भी शामिल हैं।
उपरोक्त कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, सीईओ श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त शशांक चौधरी, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी, ओएस डी प्रसून द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। आयोजन स्थल, पार्किंग, मुख्यमंत्री के बैठने की व्यवस्था, मंचीय कार्यक्रमों की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री के आगमन से जुड़े विभिन्न कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आज श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दिखाई देगी लोक संस्कृति की झलक
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पूर्व रविवार को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली में उत्तर भारत की लोक संस्कृति की झलक दिखाई देगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित शोभायात्रा में रविवार को सुबह 8 बजे से विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों लोक कलाकार अपनी लोक कला का प्रदर्शन करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कलाकारों के साथ हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश का भी प्रतिभाग रहेगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार से शुरू होने वाली यह शोभायात्रा गोविंद नगर, डीग गेट होते हुए जन्मस्थान के मुखद्वार पर ही संपन्न होगी।