मथुरा विजन 2030: 22 विभागों की 100 परियोजनाओं पर खर्च होंगे 26362 करोड़

Uncategorized

कैबिनेट मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद एवं माननीय विधायकों ने दिए सुझाव

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में माननीय कैबिनेट मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में जनपद मथुरा के 05 वर्षीय समेकित विकास योजना (मथुरा विजन 2030) के संबंध में बैठक हुई संपन्न। बैठक में सांसद तेजवीर सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक गोवर्धन ठाकुर मेघश्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन सिंह, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह , पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उप जिलाधिकारी सदर निशा ग्रेवाल, एसपी सिटी अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अजय कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ब्रज विकास के लिए विजन 2030 के अंतर्गत रविवार को 22 विभागों द्वारा प्रस्तावित 100 विकास परियोजनाओं का प्रजेंटेशन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी जी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इन परियोजनाओं पर रुपए 26362 करोड़ की लागत आने का आंकलन किया गया है। प्रस्तावित परियोजनाओं पर जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी रखे, जिन्हें शामिल किया जाएगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 22 विभागों के साथ मिलकर तैयार किया गया विजन 2030। इसमें 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार होने वाले श्री बांके बिहारी जी कोरिडोर के विकास पर सबसे पहले चर्चा हुई। बताया गया कि कोरिडोर के बनने से देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेंगी। इसमें 10 हजार लोगों को दर्शन से पहले रुकने की सुविधा होगी। इससे प्रभावित लोगों को ही प्राथमिकता पर कोरिडोर में बनने वाली दुकानों को देने का प्रयास रहेगा।
इसके अलावा वृंदावन में यमुना जी पर सिग्नेचर पुल का निर्माण, बेगमपुर पर पार्किंग, वृंदावन में सप्त देवालय सर्किट के एप्रोच मार्ग, कोरिडोर के आस पास 1.5 किलो मीटर क्षेत्र में हरिद्वार में राम की पौड़ी के पैटर्न पर कृष्णा पौड़ी का विकास, रिवर फ्रंट का विकास, वृंदावन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण,
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आस पास आबादी क्षेत्र की गलियों का विकास, यमुना पार से कंस किला के लिए एलिवेटेड रोड और पार्किंग, मसानी चौराहे पर फ्लाईओवर, धौली प्याऊ और रेलवे ग्राउंड के निकट रेलवे फाटक पर भी फ्लाई ओवर, नए बस स्टैंड पर फ़्लाई ओवर, जवाहर बाग में कृष्ण लोक पार्क निर्माण, बरसाना में रंगीली चौक का विस्तारीकरण, परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग, पर्यटन होल्डिंग ऐरिया, राधा रानी के अष्ठ सखियों के मंदिरों का संपर्क मार्ग का निर्माण की परियोजना सहित विभिन्न अन्य परियोजनाएं शामिल की गई है।
इसके अलावा ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग व पड़ाव स्थल, बलदेव, राधाकुंड, गोवर्धन और कोटवन में शनिधाम में पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण, मथुरा-वृंदावन रेलवे ट्रेक की जगह चार लेन मार्ग निर्माण सहित अनेक मार्गों का विस्तार और नवीन निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है। हिन्दुस्तान कालेज से गोवर्धन तक फोर लेन सड़क का निर्माण, जिसे बरसाना तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
सी0ई0ओ0 श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि प्रस्तावित इन सभी परियोजनाओं के निर्माण में 26362 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सभी परियोजनाओं को बारीकी से समझते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को भी शामिल करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सिंचाई विभाग एवं पीडब्ल्यूड़ी अभियंताओं को कई योजनाओं के लिए फिर से सर्वे के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने माननीय कैबिनेट मंत्री जी को अवगत कराया कि उक्त योजनाओं को विभिन्न चरणों में पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि उक्त परियोजनों में कलेक्ट्रेट में मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा, 18 प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा केंद्रों का निर्माण, मथुरा वृंदावन में सोलर स्ट्रीट लाइट, 36 पौराणिक वन का इकोरेस्टोरेशन, बरसाना में टाउनशिप, गोवर्धन में टाउनशिप, आधुनिक कान्हा गौशाला, प्रमुख मंदिरों में ऐ0आई0 कैमरा, विकास बाजार का रीडेवलपमेंट आदि को लिया गया है।
माननीय मंत्री जी ने जल भराव की समस्या के निदान हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि उक्त परियोजनाओं से विद्युत, यातायात, पेयजल, सड़क मार्ग, जलभराव, सीवरेज आदि समस्याओं का निराकरण होगा।

Spread the love