कोसीकलां। शनिवार की शाम कोकिलावन स्थित शनिदेव मंदिर से दर्शन करके लौट रहे दंपति को तीन नकाबपोशों ने गोली मार दी। जिससे पत्नी की मौके पर मौत हो गई और पति गंभीर रुप से घायल हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी पहुंच गए।
फरीदाबाद के एमआईटी मार्केट, जे-ब्लाक निवासी सुनील अपनी पत्नी प्रीति (30 वर्ष) के साथ शनिवार की शाम को करीब आठ बजे अपनी कार से कोकिलावन स्थित शनिदेव मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार शालीमार रोड पर नरसी विलेज के समीप पहुंची तो बुलट मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोशों ने कार को ओवरटेक करके रोक लिया। इससे पहले कि दंपत्ति को समझ पाते, बदमाशों ने गोली चला दी। जिससे कार में बैठी प्रीति के सिर में गोली लगी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुनील के हाथ में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इस गोलीकांड की सूचना लोगों ने पुलिस को दी, तब पुलिस मौके पर पहुंची। घटना सूचना पाकर एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने सीओ जितेन्द्र और इंस्पेक्टर प्रमोद पवार के साथ घटना के खुलासे को लेकर रणनीति बनाई।