स्वरोजगार के लिए बेरोजगारों को ऋण एवं प्रशिक्षण दिलवाएगा उद्योग केन्द्र

टॉप न्यूज़

-ठाकुर जी की पोशाक, श्रंगार, मूर्ति एवं कंठी माला उत्पाद से सम्बन्धित सामान्य तकनीकी का होगा प्रशिक्षण, मांगे ऑन लाइन आवेदन
मथुरा। स्वरोजगार के लिए बेरोजगारों को जिला उद्योग केन्द्र बैंकों के माध्यम से ऋण दिलवाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिलवाएगा जाएगा। इस दिशा में विभागीय अफसरों की सक्रियता बढ़ गई है।
उद्योग निदेशालय, उप्र, कानपुर द्वारा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (एमवाईएसवाई) वर्ष 2021-22 योजनान्तर्गत बेरोजगार युवकों को अधिकतम रोजगार के अवसर प्रदान हो सके, ऐसे उद्यम स्थापित करने के इच्छुक अभ्यर्थी जिनकी आयु न्यूनतम 18 वर्ष पूर्ण हो तथा अधिकतम आयु 40 वर्ष से कम हो एवं शैक्षिक योग्यता कम से कम 10 वीं(हाईस्कूल अथवा समकक्ष) उत्तीर्ण हो, योजनान्तर्गत उत्पादन कार्य हेतु अधिकतम रुपये 25 लाख एवं सेवा कार्य हेतु अधिकतम 10 लाख तक की परियोजना हेतु बैंको के माध्यम से ऋण दिलवाया जाएगा। इसके लिए ऑन लाइन आवेदन मांगे गए हैं।

इधर एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना वर्ष 2021-22 हेतु चयनित उत्पाद स्वच्छता सम्बन्धी उपकरण(टैप्स एण्ड काक्स), ठाकुर जी की पोशाक, श्रंगार, मूर्ति एवं कन्ठी माला उत्पाद से सम्बन्धित सामान्य तकनीकी प्रशिक्षण, क्राफ्ट की बेसिक एवं एडवांस ट्रेनिंग एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण हेतु 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (नि:शुल्क एवं आवासीय) हेतु जनपद मथुरा से शिक्षित/अशिक्षित एवं कुशल/अकुशल कारीगर/हस्तशिल्पियों का चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस सम्बन्ध में जनपद के उक्त कार्य से जुडे सभी शिक्षित/अशिक्षित एवं कुशल/अकुशल कारीगर/हस्तशिल्पियों को बताया गया कि 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु इच्छुक आवेदक अपना आवेदन पत्र वेबसाइट पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों की प्रति सहित यथा मूल निवास, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति आदि के साथ वेबसाइट पर 31 मई तक ऑनलाइन कर सकते हैं। यह जानकारी रामेन्द्र कुमार उपायुक्त उद्योग,जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र ने दी है।

Spread the love