होली मिलन समारोह में उड़े रंग और गुलाल, सराबोर दिखे केएमयू के सदस्य

मथुरा। आज केएम विश्वविद्यालय के खेल मैदान में होली मिलन समरोह का आयोजन किया गया। इस जीवंत आयोजन में छात्र, संकाय सदस्य और विश्वविद्यालय के अधिकारी एक साथ आए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हार्दिक उत्सवों के साथ रंगों के इस त्योहार को मनाया।
इस समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. पूरन सिंह, परीक्षा नियंत्रक समीक्षा भारद्वाज, डिप्टी रजिस्ट्रार सुनील अग्रवाल, मेडीकल प्राचार्य डा. पीएन भिसे, पशु चिकित्सालय के डीन डा. अजय प्रकाश, डा. पिताम्बर, विवि के समस्त विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकायें एवं समस्त स्टाफ ने पूरे हर्ष और उल्लास के साथ होली मिलन समारोह में प्रतिभाग किया। शिक्षक व अन्य स्टाफ ने होलीगीत व भजन गा कर कार्यक्रम का समा बांधा और सभी गुलाल के रंग में उत्साहित दिखे और जमकर डांस किया, एक दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं देते हुए जमकर लुफ्त उठाया। इस अवसर पर विवि के कुलाधिपति किशन चौधरी ने सभी केएम विश्वविद्यालय के सदस्यों को होली की शुभकामनाएं दी और कहा कि होली के रंग मिलकर एक नई छटा बिखेरते हैं, वैसे ही विश्वविद्यालय की प्रगति सबके सामूहिक प्रयास से संभव है। विवि के रजिस्ट्रार डा. पूरन सिंह ने होली को प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक त्योहार बताया। उन्होंने सभी को अपने जीवन से नकारात्मकता को दूर करने और नई ऊर्जा और उत्साह के साथ नई शुरुआत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

केएम विश्वविद्यालय में होली मिलन समारोह एक आनंदमय अवसर था जिसने न केवल मनोरंजन प्रदान किया बल्कि उपस्थित सभी लोगों के बीच सामाजिक सद्भाव, सद्भावना और एकता का संदेश भी फैलाया। इस दौरान खेल मैदान में विवि के छात्र-छात्राएं तथा विवि का स्टाफ और अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे।