संस्कृति, अध्यात्म और मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित ऐतिहासिक सम्मेलन 19 से 21 तक

Uncategorized


वृंदावन में आयोजित होगा सिपकॉन 2025,सोसायटी ने शुरू की तैयारियां
मथुरा। पहली बार वृंदावन में सेंट्रल इंडिया साइकिएट्रिक सोसायटी (सिपकॉन) का 46वां वार्षिक सम्मेलन 19 से 21 सितम्बर 2025 तक होटल रैडिसन,वृंदावन में आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जिसमें देश विदेश के ख्याति प्राप्त मनोचिकित्सक और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
आयोजन की मुख्य विषय है संस्कृति, अध्यात्म और मानसिक स्वास्थ्य। विशेषज्ञ यह समझाने का प्रयास करेंगे कि किस प्रकार हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सोच आधुनिक मनोचिकित्सा के साथ मिलकर लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। आगरा से डॉ. जयप्रकाश नारायण ने बताया कि वृंदावन में इस तरह का अभिनव सम्मेलन का आयोजन हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि यह सम्मेलन मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में नए दृष्टिकोण और विचार प्रस्तुत करेगा तथा संस्कृति और अध्यात्म को आधुनिक चिकित्सा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस अवसर पर डॉ. रंजीत चौधरी ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से न केवल मानसिक स्वास्थ्य संबंधी वैज्ञानिक समझ को बढ़ावा मिलेगा बल्कि यह भी स्पष्ट होगा कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहलुओं को उपचार प्रक्रिया में किस प्रकार सम्मिलित किया जा सकता है। वृंदावन में देशभर के प्रतिष्ठित मनोचिकित्सकों और शोधकर्ताओं का एकत्र होना हमारे लिए गर्व की बात है।
यह तीन दिवसीय आयोजन में देशभर से काफी संख्या में प्रतिनिधियों के सम्मिलित होने की आशा है जिनमें चिकित्सक, शोधकर्ता, शिक्षाविद और विद्यार्थी शामिल होंगे। इस मौके पर डाक्टर गौरव सिंह,डा.श्वेता चौहान आदि मौजूद रहे।

सम्मेलन की मुख्य विशेषताए:
-वैज्ञानिक शोध पत्र प्रस्तुतियां –देशभर के मनोचिकित्सकों और शोधकर्ताओं द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित नवीनतम शोध और उपचार पद्धतियों का प्रस्तुतीकरण।
-देश के प्रख्यात मनोचिकित्सकों के व्याख्यान –मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श और अनुभव साझा करने हेतु विशेष सत्र।
-सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक सत्र–मानसिक स्वास्थ्य देखभाल में अध्यात्म और संस्कृति की भूमिका पर पैनल चर्चा और संवाद।
-आयोजन अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश नारायण और आयोजन सचिव डॉ. रंजीत चौधरी ने इस सम्मेलन को वृंदावन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Spread the love