
मथुरा । रेटिनल और फेको सर्जन डा. लक्ष्मी कुनियाल को अखिल भारतीय नेत्र विज्ञान सोसायटी (एआईओएस) के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित गुरुसंगम दीक्षांत समारोह में स्नातकोत्तर नेत्र विज्ञान के छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षण प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया है। डा.लक्ष्मी डीएनबी और एमएस छात्र-छात्राओं के लिए एक मान्यता प्राप्त स्नातकोत्तर शिक्षिका हैं। यह एक प्रेरणादायक उपलब्धि है और मथुरा आईएमए के लिए गर्व की बात है। यह सम्मान समारोह गत एक फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम नेत्र विज्ञान के क्षेत्र में सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक और व्यावसायिक समारोहों में से एक माना जाता है, जहां देश भर के प्रख्यात विशेषज्ञों और प्रतिष्ठित गुरुओं को आमंत्रित और सम्मानित किया जाता है। डा. लक्ष्मी अपनी सफलता का श्रेय अपने पति डा. मनीष कुमार जैन, जो एक प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन हैं, साथ ही अपने परिवार और दोस्तों के निरंतर सहयोग को देती हैं। आईएमए के अलावा डा.एसके वर्मन,डा.नीता वर्मन आदि चिकित्सकों ने उनको बधाई दी है।


