मथुरा। बीएसए कालेज रोड स्थित कृष्ण विहार कालोनी में टंकी गिरने के मामले में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। यह समिति घटना के कारणों की जांच करकेऔर दोषी अधिकारियों के नामों के सुस्पष्ट आख्या देगी।
रविवार को शाम करीब 5.30 बजे वर्षा के दौरान मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्रांतर्गत बीएसए कालेज रोड स्थित कृष्ण बिहार कालोनी में पानी की टंकी ( क्षमता- ढाई लाख लीटर, ऊंचाई- 20 मीटर, निर्माण वर्ष- 2020-21, नगर निगम को हैंडओवर- 16 जनवरी 2023 ) गिर गई थी। इस घटना में 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो महिलाओं को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया है। उक्त घटना की जांच के लिए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने चार सदस्यीय समिति गठित कर दी है। इस समिति में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अधीक्षण अभियंता, नगरीय निर्माण मंडल, जल निगम आगरा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), मथुरा और अधिशासी अभियंता (निर्माण) नगर निगम मथुरा-वृन्दावन शामिल हैं। यह समिति घटना के कारणों की जांच करते हुए दोषी अधिकारियों के नाम सहित सुस्पष्ट आख्या एक सप्ताह में जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएगी।