जिलाधिकारी ने पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची का सत्यापन कार्य देखा

Uncategorized

मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पंचायत चुनाव के दृष्टिगत तहसील गोवर्धन के उच्च प्राथमिक विद्यालय पैंठा में स्थित बूथ का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के कार्य का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने जनपद मथुरा की समस्त तहसीलों, समस्त विकास खण्डों की समस्त ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचकगणों को सूचित किया है कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के अनुसार निर्वाचक नामावली तैयार हो गई है।
निर्वाचक नामावली की प्रति पंचायत चुनाव कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) कार्यालय और खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय में निरीक्षण/अवलोकन के लिए उपलब्ध है। कोई भी व्यक्ति उक्त निर्वाचक नामावली का कार्यालय समय में निरीक्षण/ अवलोकन कर सकता है।
यदि नामावली में किसी नाम के सम्मिलित किए जाने के लिये कोई दावा अथवा किसी प्रकार के अन्य विवरणों के सम्बन्ध में कोई संशोधन अपेक्षित हो अथवा सम्मिलित किसी नाम के सम्बन्ध में कोई आपत्ति हो तो उसे दिनांक 30 दिसम्बर 2025 को या उससे पूर्व प्रपत्र 2, 3 या 4 में, जो भी उपयुक्त हो, दाखिल किया जा सकता है। प्रत्येक ऐसा दावा या आपत्ति पंचायत चुनाव कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) कार्यालय या खण्ड विकास अधिकारी के कार्यालय में दिनांक 30 दिसम्बर 2025 तक प्रस्तुत किया जा सकता है।

Spread the love