मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील गोवर्धन के ग्राम पैंठा स्थित वृहद गो संरक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सर्दी – ठंड के दृष्टिगत गौशाला में गौवंशों के की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का हाल देखा। जिलाधिकारी ने हरा-चारा, भूसा, खर, चोकर, पानी, साफ-सफाई, शेड आदि का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संपूर्ण गौशाला परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करे। जिलाधिकारी ने गौवशों को गुड खिलाया तथा गौशाला का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने ठंड के दृष्टिगत गौशालाओं के शेड को तिरपाल से कवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फर्श/ जमीन पर पुआल, भूसा या पेड़ की पत्तियाँ बिछाएं ताकि गौवंशों को ठंड न लगे। गौशाला के दरवाजों और खिड़कियों पर बोरे लगाएं ताकि ठंडी हवा का प्रवेश रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नियमित अंतराल पर अलाव जलाएं ताकि गौवंश को गर्माहट मिल सके। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी गौवंशों की ईयर टैगिंग कराना सुनिश्चित करें। गौवंशो की नियमित जांच कराए तथा ठंड के मौसम में बीमार होने वाले गौवंशों का विशेष ध्यान रखें। निरीक्षण में उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र नारायण शुक्ला, तहसीलदार गोवर्धन सुशील गुप्ता, संबंधित ग्राम प्रधान तथा ग्राम सचिव उपस्थित रहे।