मुख्य बिंदु-
- कार्यशैली में उपभोक्ता देवो भवः ही हो मूलमंत्र
- ऊर्जा मंत्री ने की दक्षिणांचल विद्युत वितरण के अंतर्गत उपभोक्ता सेवाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा
- फील्ड में निकलकर आगामी गर्मियों के लिए उपकेंद्रों की तैयारियां परखें अधिकारी
-31 जनवरी तक सौ फीसदी प्रोब बिलिंग करें
-समय पर बिल-सही बिल दें, खामियों पर बिलिंग एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करें - तीन महीने तक के बकायेदारों का डिस्कनेक्शन नहीं डोर नॉक करें, बगैर सूची लिए कार्मिक न जाये तकादा करने
- Covid 19 ओटीएस का करें प्रचार प्रसार
- पूर्ण जमा योजना की पेंडेंसी 31 दिसंबर तक करें खत्म
- झटपट, निवेश मित्र योजना की पेंडेंसी भी करें खत्म
- स्टोर की खरीदारी का ब्यौरा रहे ऑनलाइन

आगरा। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री पं.श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार को आगरा में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्यालय में डिसकॉम के अंतर्गत उपभोक्ता सेवाओं व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ता की संतुष्टि में ही सरकार की संतुष्टि है। उपभोक्ता सेवाओं में लापरवाही पर डिसकॉम की जवाबदेही तय होगी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ”सही बिल-समय पर बिल-डाउनलोडेबल बिल” उपभोक्ता का अधिकार है। 31 जनवरी तक सभी उपभोक्ताओं की बिलिंग प्रोब बिलिंग पर आधारित होनी चाहिए। सभी उपभोक्ताओं को डाउनलोडेबल बिल उपलब्ध हो यह डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक सुनिश्चित करें।
उन्होंने बिलिंग में समस्याओं पर नाराजगी जताई। कहा कि एजेंसियों से हुए करार का पूरा अनुपालन हो इसकी भी प्रबंध निदेशक अपने स्तर से समीक्षा कर लें। जहां खामियां हैं वहां एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर कराएं। उपभोक्ता को बिलिंग सम्बन्धी समस्या हुई तो जवाबदेही तय होगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आगामी गर्मियों के दृष्टिगत MD स्वयं यह सुनिश्चित कराएं कि डिसकॉम में कहीं भी ट्रिपिंग न हो। इसके लिए जो भी आधारभूत सुविधाएं या तकनीकी आवश्यकताएं हैं उन्हें जरूर पूरा कर लिया जाए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि तीन महीने तक के बकायेदारों का डिस्कनेक्शन नहीं डोर नॉक करें। उपभोक्ताओं को बिल भरने के लिये प्रेरित करें। बगैर सूची लिये तकादा करने कार्मिक न जाएं। जनप्रतिनिधि व उपभोक्ताओं के सहयोग से लाइन लॉस को सिंगल डिजिट में लेकर आएं।
आपूर्ति की समीक्षा में उन्होंने कहा कि गांवों में सूर्यास्त से सूर्योदय तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों के पूर्ण जमा योजना के तहत ट्यूबवेल कनेक्शन के आवेदनों की पेंडेंसी 31 दिसम्बर तक खत्म करने के निर्देश भी दिए।
कहा कि डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक व निदेशक फील्ड में निकलें, उपकेंद्रों की मॉनिटरिंग के लिए जाएं। सभी नोडल अधिकारी अपने अधीन उपकेंद्रों का भौतिक निरीक्षण जरूर कर लें। उपकेंद्रों पर उपभोक्ता शिकायतों का समय से निराकरण हो, इसमें कहीं कोई कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री साइकिल पर सवार होकर सिकंदरा बिजली घर पहुंचे और निरीक्षण किया।

