यमुना जी की सफाई, जल शुद्धि और दो कुंडों के पुनर्जीवन की ठोस पहल

Uncategorized

मथुरा। मथुरा वृंदावन में यमुनाजी की सफाई, दो घाटों के निकट लिविंग वाटर साइकिल बिल्डिंग बनाने और दो कुंडों को पुनर्जीवित करने के लिए बृहस्पतिवार को एम0ओ0यू0 पर हस्ताक्षर किए गए है। यह एम0ओ0यू0 जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, नगर निगम, विकास प्राधिकरण तथा सिंचाई विभाग ने लिविंग पीस फाउंडेशन के साथ किया है।
इस संदर्भ में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में आयोजित बैठक के दौरान लिविंग पीस फाउंडेशन प्रोजेक्ट गुरुग्राम द्वारा ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना और विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह की मौजूदगी में जिलाधिकारी के समक्ष यमुना जल प्रदूषण निवारण एवं प्रदूषण नियंत्रण तथा प्रचार प्रसार संबंधी प्रजेंटेशन दिया गया। परियोजना के संबंध में तकनीकी बिंदुओं पर विचार विमर्श हुआ। बैठक में बताया गया कि “लिविंग पीस फाउंडेशन प्रोजेक्ट, गुरुग्राम, हरियाणा” नामक संस्था मथुरा नगर में विश्राम घाट के पास यमुना नदी के ठोस अपशिष्ट एवं जल प्रदूषण के शैक्षिक प्रचार प्रसार के लिए “लिविंग साइकिल भवन” का निर्माण कर स्वःवित्त पोषित परियोजना पर कार्य करेगी। विश्राम घाट के साथ-साथ वृंदावन में देवराह बाबा घाट निकट लिविंग वाटर साइकिल बिल्डिंग बनाने और गोकुल में पतित पावन कुंड तथा बलदेव अंतर्गत बंदी आनंदी कुंड को पुनर्जीवित करने का काम करेगी। इसके लिए खुद ही सी0एस0आर0 फंड जुटाएगी।
उक्त एम0ओ0यू0 के बाद परियोजना के अंतर्गत सर्वें तथा डीपीआर तैयार की जाएगी और 2026 में परियोजना पर काम शुरु कर दिया जाएगा। बैठक में एसीईओ मदन चंद्र दुबे, पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा, गोकुल नगर पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, सिंचाई विभाग से नागेंद्र सिंह व गिरीश चौधरी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से रंजीत कुमार, जल निगम से विशाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love