मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने तहसील छाता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर फरियादियों की शिकायतें सुनी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान छाता बार के अधिवक्ताओं द्वारा लेखपाल जगवीर प्रसाद के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की गई, जिसपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता को तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि संबंधित लेखपाल को पद से हटा दिया गया है। इसी क्रम में अधिवक्ताओं द्वारा एक जर्जर पानी की टंकी को गिराए जाने की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी छाता को निर्देशित किया कि प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुछ मीडिया कर्मियों द्वारा कोटेदार से संबंधित वीडियो प्रस्तुत करते हुए शिकायत की गई कि कोटेदार द्वारा लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरित किया जा रहा है। इस पर उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी एवं सप्लाई इंस्पेक्टर छाता को नोटिस जारी करते हुए संबंधित कोटेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत की गई कि छाता क्षेत्र में अवैध रूप से मांस बिक्री की जा रही है। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी छाता तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अधिकारियों को जांच कर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील छाता में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उप जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही ने अवगत कराया कि मांट तहसील में 40 शिकायतें प्राप्त हुईं। तहसीलदार गोवर्धन सुशील गुप्ता ने बताया कि गोवर्धन तहसील में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उप जिलाधिकारी महावन कंचन ने अवगत कराया है कि तहसील दिवस में 20 शिकायतें प्राप्त हुई है। उप जिलाधिकारी सदर/ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन ने अवगत कराया कि सदर तहसील में 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 01 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष शिकायतों का परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा।