कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी और सांसद हेमा ने डा. भगवान सिंह को दी बधाई

देश

मथुरा। 75 वर्ष की उम्र में लगातार छह वर्ष तक योग एवं नेचुरोपैथी साइंस क्षेत्र में शिक्षण, शोध व अनुसंधान के उल्लेखनीय एवं अद्वितीय योगदान के लिए यमुनापार लक्ष्मी नगर निवासी डा. भगवान सिंह का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक आफ रिकॉर्ड्स 2024 में दर्ज किया गया है। इससे पूर्व 2018 में डॉ. भगवान सिंह का नाम हाईली एजुकेटेड एंड ऑनर्ड फैमिली के रूप में दर्ज हो चुका है। उनके परिवार में 13 चिकित्सक होने के कारण उनके नाम पर था उपलब्धि दर्ज हुई है। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी और सांसद हेमा मालिनी ने डाक्टर भगवान की इस उपलब्धि पर बधाई दी है। सम्मानित कर उनको पत्र सौंपा है।


गत तीन अक्टूबर को दिल्ली स्थित इंडिया बुक ऑफ़ रिकार्ड्स संस्थान के परिसर में एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं इंडिया बुक ऑफ़ रिकार्ड्स के संयुक्त दीक्षांत समारोह के दौरान डॉक्टर भगवान सिंह को इस उपलब्धि के लिए मेडल ,प्रशस्ति पत्र , ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया है। डॉक्टर भगवान सिंह द्वारा 75 वर्ष की उम्र में भी योग एवं नेचुरोपैथी की शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के जटिल एवं असाध्य बीमारियों में प्रभाव की प्रमाणिकता नामक पुस्तक में अपने अनुभवों को प्रमाण सहित प्रकाशित किया है। इसके लिए उन्हें झारखंड सरकार द्वारा योग एवं नेचुरोपैथी में डॉक्टरेट डिग्री से विभूषित किया गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पत्र लिख कर डॉक्टर भगवान सिंह को सम्मानित करने पर बधाई दी। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने उन्हें बधाई दी और अपने आवास पर उन्हें सम्मानित किया। साथ ही सांसद हेमा मालिनी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनको बधाई दी। इस बारे में जनप्रतिनिधियों ने पत्र भी जारी किया। डा भगवान सिंह ने बताया कि उनके अथक प्रयासों के कारण ही उत्तर प्रदेश सरकार के लखनऊ स्थित आयुर्वेद चिकित्सा बोर्ड में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सकों के पंजीकरण शुरू किए। प्रदेश में उनका सर्व प्रथम पंजीकरण हैं। उनके परिवार में वर्तमान में 15 चिकित्सक हैं। इनमें ज़्यादातर उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा में सेवारत हैं।

Spread the love