मथुरा। जनपद में निजी अस्पतालों की मनमानी के खिलाफ अब भारतीय जनता पार्टी भी आ गई है। भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल और महामंत्री प्रदीप गोस्वामी ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।
अपनेे वीडियो में महानगर महामंत्री ने कहा कि मथुरा की जनता आज कोरोना से बुरी तरह से पीड़ित है। कोरोना पीड़ितों के परिवाजनों का केडी मेडिकल और अन्य संस्थाएं पूरी तरह से दोहन कर रही हैं। इसकी शिकायतें लगातार भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों के पास आ रही हैं। ऐसा जानकारी में आया है कि छह-छह, आठ-आठ या दस-दस लाख रुपये कोरोना पीड़ितों के परिवारीजनों से इलाज के नाम पर मांगे जा रहे हैं। सेवा के नाम पर प्राईवेट संस्थाओं ने जो धंधा चलाया है, अगर यह सत्य है तो इसकी जांच होनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा जिलाधिकारी से अनुरोध किया है, इसे संज्ञान में लेते हुए जांच भी बिठाई है। मथुरा की जनता से अपील है कि जो भी तथ्य हैं, उससे मथुरा जिला प्रशासन से अवगत कराएं। सभी तथ्य सामने रखें। भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर कोरोना पीड़ितों के साथ यह अन्याय सहन नहीं करेगी। अगर आरोप सत्य हैं तो जो भी दोषी संस्थान होंगे, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लायी जाए, उसके लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारीगण प्रयास करेंगे।
दूसरी ओर सोशल मीडिया पर पार्टी पदाधिकारियों ने सीएमओ को लापरवाह और मथुरा में संक्रमण बढ़ने का जिम्मेदार बताते हुए पोस्ट डाले हैं।