● जोधपुर झाल में प्रवासी पक्षियों के आगमन होने पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने आयोजित की कार्यशाला
● बीआरडीएस संस्था के विशेषज्ञों ने दिया तकनीकि प्रशिक्षण, वनाधिकारियों व शिक्षकों की रही उपस्थिति
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा वन विभाग के सहयोग से विकसित की जा रही जोधपुर झाल वेटलैंड के कुशल व्यवस्थापन को लेकर वन विभाग के 30 अधिकारियों व कर्मचारियों के किए 2 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला के पहले दिन ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार मे तकनीकि प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के शुभारम्भ अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने कहा कि ब्रज में पेड़-पौधे, झीलें और वन—ये सब हमारी जीवंत विरासत हैं। इनका संरक्षण हमारा कर्म भी है और धर्म भी। अत्यंत प्रसन्नता है कि परिषद द्वारा पुनर्स्थापित जोधपुर झाल, जहाँ आज साइबेरिया तक से पक्षी आकर विचरण कर रहे हैं। वन विभाग के साथ परिषद इस स्थल को पक्षियों के अनुकूल बनाने में सहयोग करता रहेगा। तदोपरांत प्रशिक्षण में बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के विशेषज्ञ डाॅ केपी सिंह और निधि यादव द्वारा प्रवासी पक्षियों के विभिन्न हेविटाट, प्रवासी मार्ग, फ्लाईट पैटर्न, फ्लाईट काॅल आदि की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। पक्षी विशेषज्ञ के.पी. सिंह ने पीपीटी प्रजेन्टेशन के माध्यम से प्रवासी पक्षियों के आगमन, प्रवास-चक्र, प्रजनन काल, गर्मियों में प्रस्थान, उनके स्वभाव तथा नेचर-बिहेवियर पर विस्तृत वैज्ञानिक जानकारी दी।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा ने बताया कि जोधपुर झाल सेन्ट्रल एशियन फ्लाईवे का महत्वपूर्ण वेटलैंड है। इसको विकास करने के लिए तकनीकि प्रशिक्षण के दूरगामी परिणाम होंगे। कार्यशाला के दूसरे दिन जोधपुर झाल वेटलैंड पर प्रवासी पक्षियों की पहचान और मैनेजमेंट से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के एसीईओ मदन चंद दुबे सहित विद्यालयों के शिक्षक भी शामिल रहे।