11 राज्यों के चित्रकार श्रीकृष्ण की लीलाओं को कैनवास पर रंगों से उतारेंगे

बृज दर्शन

उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के चित्रांकन शिविर गीता शोध संस्थान वृंदावन में 10 सितम्बर से, लगेगी चित्र प्रदर्शनी

मथुरा। उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा के आमंत्रण पर देश के दर्जन भर राज्यों के चित्रकार तीन दिन तक वृंदावन में जुटेंगे। वह अपनी तूलिका से श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को कैनवास पर रंगों से उतारेंगे।
श्रीकृष्ण के 5251 वें जन्मोत्सव के आयोजनों के क्रम में “श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर” (नेशनल आर्ट वर्कशाप) का यह आयोजन 10 से 12 सितम्बर तक चलेगा। शिविर गत वर्ष की भांति वृन्दावन स्थित ‘गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में आयोजित होगा। यह राष्ट्रीय स्तर का है जिसमें देश के नामचीन चित्रकार भाग लेंगे। ज्यादातर चित्रकारों की चित्र प्रदर्शनी देश व विदेश में लग चुकी हैं।
उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद के ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डॉ उमेश चंद्र शर्मा के अनुसार 10 सितम्बर 2024 को प्रातः 11.00 बजे चित्रकारों के परिचय के साथ राष्ट्रीय शिविर का शुभारंभ किया जायेगा।समापन 12 सितम्बर 2024 को बने हुये चित्रों की प्रदर्शनी के साथ होगा। चित्रांकन शिविर के सह संयोजक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने बताया कि वर्ष 2022 से ये शिविर लगातार श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर आयोजित किए जाते रहे हैं। कैनवास पर जो चित्र बनाये जाते हैं उन्हें उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद व अन्य विभिन्न विभागों में लगाया जाता है। शिविर में चित्रकार अलग-अलग शैली में चित्र तैयार करेंगे। इसमें मुख्य रूप से नाथद्वारा शैली, पहाड़ की शैली, गुजरात की शैली एवं अन्य शैलियों में कृष्ण की लीलाओं के चित्र तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने स्कूलों के प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे बच्चों को चित्र बनाते हुए चित्रकारों को देखने व लीलाओं के चित्रों का अवलोकन करने गीता शोध संस्थान वृंदावन भेजें।

Spread the love