कैथ लैब से ह्रदय रोगियों को मिलेगा बड़ा लाभ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

ब्रेकिंग न्यूज़

मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री बांके बिहारी जी मन्दिर पहुॅच कर बिहारी जी की विधिवत पूजा अर्चना की। मन्दिर गोस्वामी द्वारा पटुका एवं शॉल उढ़ाकर स्वागत किया गया। पूजा अर्चना में सीएम योगी के साथ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र, विधायक गोवर्धन ठा. मेघश्याम सिंह, विधायक सदर श्रीकान्त शर्मा, विधायक मांट राजेश चैधरी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मन्दिर में मुख्यमंत्री का उपस्थित जनता ने जोरदार स्वागत किया।


श्री बांके बिहारी जी मन्दिर के पश्चात हृदय रोगियों के लिए वरदान अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन सोमवार देर सायं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य किया गया। सर्वप्रथम मुख्यमंत्री योगी द्वारा श्रीरामकृष्ण देव, श्री माँ सारदा देवी और स्वामी विवेकानंद जी के समक्ष दीप प्रज्जवलन और पुष्पार्चन किया गया। इसके बाद अस्पताल में मौजूद सुविधाओं का अवलोकन करते हुए वे नवनिर्मित कैथ लैब पहुंचे। जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य कैथ लैब का उद्घाटन किया और डॉक्टरों से इसकी विशेषताओं को जाना।

कैथ लैब हृदय से जुड़ी बीमारियों की जांच और उपचार का केंद्र होता है। जहां एब्लेशन, एंजियोग्राम, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकरए आईसीडी के आरोपण सहित परीक्षण और प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। कार्डिएक कैथीटेराइजेशन प्रक्रियाओं के एक समूह के लिए एक सामान्य शब्द है जो कैथ लैब में किया जाता है जैसे कोरोनरी एंजियोग्राफी। एक बार कैथेटर लगाने के बाद इसका उपयोग एंजियोप्लास्टी, पीसीआई य पर्क्यूटेनियस कोरोनरी इंटरवेंशन, एंजियोग्राफी, ट्रांसकैथेटर एओर्टिक, वाल्व रिप्लेसमेंट, बैलून सेप्टोस्टॉमी और एक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी अध्ययन या कैथेटर एब्लेशन सहित कई प्रक्रियाओं को करने के लिए किया जा सकता है। इस कैथ लैब में विशेषज्ञों की एक टीम रहेगी, जिसका नेतृत्व एक हृदय रोग विशेषज्ञ करेंगे। पिछले पाँच वर्षों से अस्पताल हृदय रोग की चिकित्सा देता आ रहा है अब यह अत्याधुनिक कैथ लैब चिकित्सा की गुणवत्ता को बढ़ा देगा। जिस कैथ लैब से बड़ी तादाद में जनमानस के लाभान्वित होने की उम्मीद है, उसका निर्माण रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराया गया है। कार्यक्रम में मौजूद रहे निगम के चेयरमेन प्रदीप गौड़ ने कहा कि यह अत्याधुनिक केथ लैब जनहित में अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करेगा। कैथ लैब उद्घाटन अवसर पर रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम की 114 वर्षों की महान सेवा यात्रा को प्रदर्शित करती एक डॉक्यूमेंट्री ‘ए सागा ऑफ सर्विस’ को रिलीज किया गया। स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में इसकी रिलीज के साथ ही इसका प्रदर्शन भी किया गया, जो एक छोटे से चिकित्सकीय सेवा प्रकल्प के क्षेत्र में एक प्रमुख मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनने, नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना को आत्मसात करने, अस्पताल में मौजूद सुविधाओं, सेवा और संस्कारों की कहानी बयां करती है।

मुख्यमंत्री ने अपने उदबोधन में कहा कि कोरोना के समय देश में भारी संकट आया था, जिसका हम सब लोगों ने मिलकर उसका सामाना किया। कोरोना काल में ब्रज क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम ने बेहतरीन कार्य किया, जिसके लिए यहां के प्रबंधक, डाॅक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ सभी प्रशंसा के योग्य हैं। कोरोना की 04 लहरों में से दूसरी लहर सबसे खतरनाक रही, मैने उस समय भी ब्रज क्षेत्र का भ्रमण किया। हमारे जनप्रतिनिधि प्रशासन एवं डाॅक्टरों के साथ मिलकर जनसेवा करते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में संतों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम ने भी अच्छा कार्य किया। रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम अस्तपाल लोगों को कम से कम खर्चे में ह्रदय रोग की समस्त बीमारियों का इलाज कर रहा है। उन्होंने कहा कि केथलेब से ह्रदय रोगियों को लाभ मिलेगा, जिसमें पेसमेकर, एंजियोग्राफी, स्टेंट डालने आदि सुविधायें होंगी। अपने गुरू रामकृष्ण मिशन की स्थापना स्वामी विवेकानन्द जी ने की थी। देश के प्रति एवं धर्म के प्रति उनकी सेवायें उन्हें महानतम तक पहुॅचाती हैं। स्वास्थ्य, मानव कल्याण के क्षेत्र में उनकी सेवायें पूज्यनीय हैं।


उन्होंने रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम अस्पताल की स्वच्छता की तारीफ करते हुए कहा कि अस्पताल इसी तरह से स्वच्छ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सर्वप्रथम स्वच्छता पर ही ध्यान दिया गया था, स्वच्छता का व्यक्ति के जीवन पर प्रभाव पड़ता है। स्वच्छता व्यक्ति के व्यक्तित्व का दर्पण है, जो रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में कार्डियोलोजी, न्यूरोसर्जरी, न्यूरोलोजी, गायनेकोलाॅजी आदि सुपरस्पेशलिटी की सुविधायें उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि किसी सन्यासी की धन अर्जित करने की व सुविधायें अर्जित करने की इच्छायें नहीं होती हैं।
सन्यासियों का जीवन ही मानव जात का उत्थान करना है, इसलिए वह सबकुछ त्याग कर अपना जीवन दूसरों के लिए समर्पित कर देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सवा करोड़ व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 05 लाख रू. तक की स्वास्थ्य सेवायें प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना में रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम को भी शामिल किया जाये। उन्होंने कहा कि निशुल्क स्वास्थ्य की परिकल्पना आयुष्मान भारत वा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से ही की जा सकती है।
चैरिटी हाॅस्पिटल का उददेश्य सस्ती और विश्वनीय स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कार्य में महिला एवं पुरूष दोनों ही कार्य करते हैं, जहां एक तरफ इन्हें जनसामान्य की सेवा का अवसर प्राप्त होता है, वहीं दूसरी तरफ रोजगार भी उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम को नर्सिंग का कोर्स भी चालू करना चाहिए तथा काॅलेज खोलकर स्वास्थ्य सेवाओं को और आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से उप्र ही नहीं बल्कि आस-पास के राज्यों के लोग भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने अस्पताल एवं वहां के संतों तथा डाॅक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की भूरी-भूरी प्रशंसा की।


कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्र ने प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी के पुत्र के शादी समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने पुत्र दिव्याशं एवं उनकी पत्नी सपना को आर्शीवाद प्रदान करके उनके सुखी जीवन की कामना की।

जिला सूचना अधिकारी,
मथुरा।

Spread the love