गाजियाबाद। “गाज़ियाबाद की नंदग्राम पुलिस सिर्फ बड़े और मोटी रकम के केस देखकर कार्रवाई करती है”
ऐसा कहना है, पिछले 5 महीने से अपने साथ हुई धोखाधड़ी के केस में नंदग्राम थाने के चक्कर काटने वाले पीड़ित शिव कुमार वर्मा का। आज की ख़बर नंदग्राम थाने की पुलिस को देखना बेहद जरूरी है, क्योंकि पीड़ित के द्वारा बताई गई कुछ बातों की सच्चाई जानने के बाद news4live ने भी नंदग्राम थाने में जाकर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन वहां पुलिस का रवैया ऐसा था कि कोई आम आदमी थाने में अपनी शिकायत लिखवाने से पहले ही डर जाए।
बिना देर किए खबर पर आते हैं, मामले में पीड़ित शिव कुमार वर्मा विश्वास नगर के रहने वाले हैं, और अपने छोटे से मकान में किसी तरह गुजर बसर कर रह रहे हैं। उनका कहना है कि करीब 6 महीने पहले जनवरी में उन्होंने नंदग्राम थाने में अपने साथ हुए 2 लाख 50 हजार के फ्रॉड को लेकर FIR दर्ज करवाई थी, लेकिन तबसे लेकर अब तक वो अपने केस को लेकर नंदग्राम थाने और सिहानी चुंगी चौकी पर बैठने वाले इस केस के इंचार्ज भ्रमपाल सिंह के पास चक्कर पर चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार या तो इंचार्ज वहां उपस्थित नहीं होते या फिर किसी और बड़े केस में बिजी होने की बात बोलकर टाल देते हैं।
पीड़ित शिव कुमार वर्मा का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, और केस के आरो सुमित चौधरी द्वारा उनके पैसे हड़पने के बाद उनके ऊपर करीब 5 लाख का कर्जा भी हो चुका है। जिसके कारण लगातार उनको धमकी भरे फोन भी आने लगे हैं, लेकिन नंदग्राम पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने के बाद भी उनको आज तक सिर्फ झूठे आश्वासन देकर वापिस का रास्ता दिखा दिया गया।
“सर्विलांस टीम वाले नहीं करना चाहते काम”
पीड़ित शिव कुमार वर्मा का कहना है कि आरोपी कथित पत्रकार सुमित चौधरी की लोकेशन को ट्रैक करवाने के लिए भी उन्होंने कई बार थाने में बैठी सर्विलांस टीम से गुहार लगाई, लेकिन कभी वो किसी बड़े केस में उलझे रहने की बात बोलकर टाल देते हैं, तो कभी छुट्टी पर गए होते हैं। ऐसा ही कुछ 24 मई को भी हुआ। जब उनकी कुर्सी खाली ही पड़ी मिली।
हमारे पास और भी बड़े केस है देखने के लिए
पीड़ित के मुताबिक वो इतनी बार नंदग्राम थाने के चक्कर काट चुके है, कि केस के इंचार्ज भी अब उनको देखकर किलसने लगे हैं, उनका कहना है कि जब हाल ही में वो मामले में इंचार्ज के पास केस की जानकारी लेने पहुंचे तो इंचार्ज भ्रामपाल सिंह ने उनको हड़का दिया और कहा कि “जाओ कुछ नहीं होगा तुम्हारे केस में, हमारे पास और भी बहुत बड़े केस है तुमसे मोटी रकम के”।
SHO से लेकर SSP तक से लगाई गुहार
पीड़ित शिव कुमार वर्मा का कहना है कि मामले में उन्होंने नंदग्राम थाने के SHO से लेकर गाजियाबाद SSP तक को लिखित में एप्लीकेशन दी, लेकिन सिर्फ झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।
पीड़ित की आर्थिक हालात इतने खराब हैं, कि कभी कभी उनके घर में एक वक्त की सब्जी के भी पैसे नहीं होते, ऐसे में उनके पास कर्जियों के फोन लगातार आते रहते हैं, कई बार तो उन्हे कर्ज का पैसा नहीं चुकाने पर जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है, लेकिन पुलिस को ये बात बताने के बाद भी उनको एक ही जवाब मिला, “एप्लीकेशन लिखकर दे दो हम कारवाई करेंगे”। जिसकी बाद पीड़ित किसी और केस में ना फसने की सोच लेकर चुप चाप घर वापिस लौट गए।
रिपोर्ट अरुण वर्मा