-सिंचाई एवं जल स्तर ऊपर उठाने में जोधपुर झाल की होगी महत्वपूर्ण भूमिका- चौधरी उदयभान सिंह
-पर्यटन एवं लघु उद्योगों के लिये प्रदेश सरकार कृत संकल्पित
मथुरा। सूक्ष्म, लद्यु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने फरह क्षेत्र स्थित जोधपुर झाल का निरीक्षण किया। उन्होंने 13.71 करोड़ रुपये से बनाये जाने वाली परियोजना पं. दीनदयाल उपाध्याय सरोवर के विकास की वस्तुस्थिति की जानकारी ली।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि 55 हेक्टेयर में बनने वाली इस परियोजना से, जहॉ एक ओर पर्यटन केन्द्र के रूप में यह स्थान विकसित होगा, वही दूसरी ओर अनेक गॉवों के युवाओं को रोजगार प्रदान होगा। उन्होंने सरोवर को भरने के लिये नहर से पानी उपलब्ध कराने एवं उसके चारो ओर पैदल मार्ग बनाने तथा हेड रेगुलेटर लगाने आदि की योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने कहा कि किसानों को खेती के साथ-साथ अपने बच्चों को लघु उद्योग का भी प्रशिक्षण दिलाना चाहिए, जिससे किसानों की आमदनी और अधिक बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन एवं लघु उद्योग के विकास के लिए पर्याप्त मात्रा में धन उपलब्ध करा रही है और सरकार की मंशा है कि छोटे-छोटे उद्योग लगाकर स्वयं को तथा देश को आत्मनिर्भर बनाएं। उन्होंने कहा कि जोधपुर झाल के विकसित हो जाने के पश्चात इस क्षेत्र में लोगों को रोजगार के नए-नए साधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित होने पर विदेशी पक्षी भी यहां पर आएंगे जिससे विदेशी पर्यटन भी बढ़ेगा और झाल सिंचाई के लिये वरदान सिद्ध होगा।
आगरा के पर्यटन को भी होगा लाभ
राज्यमंत्री ने कहा कि आगरा पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान है। यहां देश-विदेश से पर्यटन आते हैं। ताजमहल और फतेहपुर सीकरी देखकर जयपुर चले जाते हैं, जबकि आगरा में रूनकता, कीठम, खानवा, बैमन, जैसे अनेक स्थान महत्वपूर्ण हैं। अगर इन स्थानों को पर्यटन की दृष्टि से विकास किया जाए तो क्षेत्र के लोगों की भी आमदनी बढ़ेगी।
उन्होंने किसानों को अपने खेतों की मेंढ़ पर शहतूत के वृक्ष लगाने एवं रेशम उद्योग को अपनाने पर बल दिया।
उपस्थिति
अधीक्षण अभियंता सिंचाई ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, अधिशासी अभियन्ता एसएस गिरी, राजीव सक्सेना, प्रमोद सिकरवार के साथ सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।